चंडीगढ़। राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो, गृह मंत्रालय भारत सरकार की ओर से जारी क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क सिस्टम (सीसीटीएनएस) की मासिक रैंकिंग में हरियाणा पुलिस ने 20 माह में 17वीं बार देशभर में पहला स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि पर पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर ने सीसीटीएनएस की पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता हरियाणा पुलिस की नई सोच, बेहतर कार्यप्रणाली और आधुनिक तकनीक के प्रभावी इस्तेमाल का परिणाम है।
राज्य अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एससीआरबी) के निदेशक शिवास कबिराज ने बताया कि सीसीटीएनएस का मूल उद्देश्य अपराध की जांच, अपराधियों की धरपकड़ और केस मैनेजमेंट के लिए एकीकृत प्रणाली विकसित करना है जो पूरी तरह डिजिटल हो। अगस्त और सितंबर 2024 में जहां राज्य ने 99.99 फीसदी अंक लेकर देशभर में तीसरा स्थान प्राप्त किया।
वहीं अन्य माह में राज्य पुलिस ने शत-फीसदी अंक हासिल कर पहला स्थान बनाए रखा। प्रदेश के सभी थानों को सीसीटीएनएस से जोड़ा जा चुका है, डीडीआर, गैर संज्ञेय रिपोर्ट, मेडिको लीगल केस, गुमशुदा व्यक्ति, खोई हुई संपत्ति, लावारिस वस्तुएं, अज्ञात शव, विदेशी पंजीकरण, निवारक कार्यवाही, अनुसंधान, शिकायतें और प्रगति रिपोर्ट जैसे सभी कार्य पूरी तरह डिजिटल रूप में दर्ज और मॉनिटर किए जा रहे हैं।
तकनीकी प्रणाली की मदद से पुलिस ने 93 गंभीर आपराधिक मामलों को सुलझाया गया, जिनमें 22 हत्या के मामले भी शामिल हैं। नेफिस प्रणाली के माध्यम से 29 अज्ञात शवों की पहचान संभव हुई।