हरियाणा सरकार सीईटी (कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट) पास उन युवाओं को मानदेय देने की तैयारी है, जिन्हें दो साल तक रोजगार नहीं मिलेगा। हरियाणा सरकार ऐसे युवाओं को 100 घंटे का काम देगी और सक्षम युवा योजना के तहत उन्हें मानदेय दिया जाएगा।
नौ हजार मिलेंगे या छह हजार तय नहीं
हालांकि अभी यह तय नहीं है कि सीईटी पास युवाओं को प्रति महीने नौ हजार रुपये मिलेंगे या फिर छह हजार। दरअसल हरियाणा सरकार ने 13 नवंबर 2024 में घोषणा की थी कि अगर सीईटी पास उम्मीदवारों को नौकरी नहीं मिली तो राज्य सरकार 2 साल तक उन्हें 9 हजार रुपये प्रति माह मानदेय देगी। अब सरकार ने इन युवाओं को सक्षम योजना के तहत मानदेय देने का फैसला किया है। सक्षम योजना के तहत अलग-अलग कैटेगिरी में 1200 रुपये से लेकर छह हजार रुपये मिलते हैं। हालांकि सीएम ने अधिकारियों को इस बारे में इसकी रूपरेखा तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
फतेहाबाद में बनेगा श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय का रीजनल सेंटर
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा को वैश्विक शिक्षा और कौशल विकास केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए फतेहाबाद में श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय का रीजनल सेंटर बनाया जाएगा, जो सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में काम करेगा। उन्होंने बताया कि पंचकूला और गुरुग्राम में एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) हब बनाए जा रहे हैं। युवाओं को एआई की जानकारी देने के साथ ही 2 लाख युवाओं को हार्ड स्किल प्रशिक्षण दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की सभी आईटीआई को आधुनिक बनाया जाएगा। कुरुक्षेत्र के उमरी गांव में स्किल फैकल्टी ट्रेनिंग के लिए राज्य स्तरीय आर्ट कल्चर सेंटर और फतेहाबाद, सुल्तानपुर व अन्तेड़ी में उद्यमिता विकास केंद्र बनाए जाएंगे। उन्होंने आईटीआई और स्किल डेवलपमेंट से जुड़ा एआई पोर्टल तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि युवाओं और प्रशिक्षण से जुड़ी जानकारी का बेहतर उपयोग किया जा सके। योजनाओं की हर तीन महीने में समीक्षा की जाएगी।
हर जिले में मॉडल आईटीआई खोलने की तैयारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को बेहतर प्रशिक्षण देने के लिए हर जिले में मॉडल आईटीआई खोली जाएंगी। इसके अलावा हर ब्लॉक स्तर पर भी आईटीआई खोलने की योजना है। प्रदेश के 143 ब्लॉकों में से 117 में आईटीआई पहले से संचालित हैं।
चरखी दादरी, पिल्लूखेड़ा, पंचकूला और कुरुक्षेत्र में नई आईटीआई बनाई जाएंगी, जबकि नारनौल की महिला आईटीआई का नवीनीकरण किया जा रहा है। युवाओं का सर्वे कर तकनीकी रूप से सक्षम युवाओं की पहचान की जाएगी। आईटीआई में नए कोर्स शुरू कर युवाओं को उद्योगों की जरूरत के अनुसार तैयार किया जाएगा
चीन में मेडल लाने वाले युवाओं को मिलेंगे दस लाख रुपये
बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्व स्तरीय स्किल प्रतियोगिता में राज्य के 5 युवाओं का चयन किया गया है। सितंबर माह के दौरान चीन में आयोजित इस प्रतियोगिता में मेडल लाने वाले युवाओं को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता एवं जॉब सुनिश्चित की जाएगी।