गन कल्चर वाले गानों को लेकर हरियाणा साइबर पुलिस चेतावनी देने के बाद अब एक्शन मोड में आ गई है। पुलिस ने बदमाशी, शराब, ड्रग्स, हिंसा जैसे गानों की पहचान कर यू-ट्यूब से हटवाने की कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस अभी तक चार हरियाणवी गायकों के 10 गानों सोशल मीडिया से हटवा चुकी है। इसमें मासूम शर्मा के छह सहित दो अन्य गायकों के दो-दो गाने हैं। जबकि, इस तरह के 90 से अधिक गानों की सूची पुलिस ने तैयार की है।
पड़ोसी राज्य पंजाब की तर्ज पर हरियाणवी गायकों में गन कल्चर (बंदूक का चलन) वाले गानों का ट्रेंड बढ़ता जा रहा है। इक गोज में से धन इक गोज में से गन और गोल्ड गले में पूरे 18 लाख का। हरियाणवी गायक बीरू कटारिया, फिजा, राज मवार का गन कल्चर वाला गाना यह खूब चल रहा है। सिंगर अजय हुडा, राज मावेर का गाना मनै छोड़ दी रे गन राखणी मेरी जाटनी सै लोडेड हथियार। प्रांजल दहिया और हर्ष संधू का गाना रै लिख के बेरी घूमै स मेरा नाम बंदूका पे। स्वरा वर्मा, मासूम शर्मा और राहुल मुआना का गाना चंबल कै डाकू, गायक हेमंत फौजदार, किरण, मासूम शर्मा और मनीषा शर्मा का गाना ट्यूशन बदमाशी का... और मासूम शर्मा का गाना पिस्टल बोलैगी... जैसे कई हरियाणवी गानों में नियम-कानून व सामाजिक व्यवस्थाओं को दरकिनार कर गन कल्चर का महिमामंडन किया गया है।