पंजाब में कितनों को रोजगार मिला
केजरीवाल और मान ने मंचों से कहा था कि ''साड्डी (हमारी) पार्टी कट्टर ईमानदार'' है। पंजाब के भोले लोगों ने यह जानकर उन पर भरोसा कर लिया कि कांग्रेस ने तो कुछ किया नहीं, यह लोग शायद भला करेंगे लेकिन हुआ नहीं। पंजाब के कितने लोगों को रोजगार मिला वह अब बताएं...नहीं तो मैं बता देता हूं। पंजाब और हरियाणा में एक ही दिन दो भर्ती परीक्षाओं के रिजल्ट घोषित हुए। हरियाणा में शिक्षकों की भर्ती का नतीजा घोषित हुआ और उसी दिन सूची जारी हो गई। मैं उस दिन पुन्हाना में था। देखा कि उस ग्रामीण क्षेत्र के कई युवा भर्ती हुए हैं। उनकी कोई सिफारिश नहीं थी। दूसरी ओर पंजाब में एक्साइज इंस्पेक्टरों की भर्ती का नतीजा आता है। भर्ती कौन हुए..? वे भी हुए जिन्होंने अपने नाम के आगे किसी ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, किसी ने डीपीआईएस, किसी ने फोटो तो किसी ने इक दिन कर्मां वाला...लिखा हुआ था। कई बच्चों ने दो फार्म भरे, दो सेंटर भरे, दोनों जगह से इंस्पेक्टर लग गए,। यह सब राहुल गांधी को नहीं दिखाई देता। उन्हें यह भी नहीं दिखाई देता कि पंजाब में नशे को रोकने का काम करने वाले एक नौजवान को गोली मार दी गई। आज तक राहुल गांधी पंजाब नहीं आए। उन्होंने कहा कि हरियाणा में हम नशे को लेकर बहुत सख्ती बरत रहे हैं, कई कदम हमने उठाए हैं। हरियाणा में पंजाब से ही नशा आता है। हमने अफसरों से कहा है कि यह देखें कि नशा चला कहां से है, उसकी जड़ तक जाएं। उन्होंने कहा कि नशे के लिए पंजाब में रही सरकारें ही जिम्मेदार हैं, जिन्होंने झूठे वादे किए, झूठे प्रलोभन दिए, रंगला पंजाब के सब्जबाग दिखाए।
भगवंत मान के सवाल पर सैनी ने कहा कि 2007 से 17 तक हम शिरोमणि अकाली दल के साथ गठबंधन सरकार में जरूर थे लेकिन तब भी भाजपा ने नशे के खिलाफ आवाज उठाई थी। गठबंधन में भाजपा के हिस्से कुल 23 सीटें होती थीं, उनमें भी कितनी आतीं थीं? हरियाणा में उद्यमियों को सुविधाओं के सवाल पर उन्होंने कहा कि दस नए आईएमटी बनाने का काम प्रगति पर है। जींद वगैरह में क्लस्टर बनाए जा रहे हैं। हम बाहर के उद्यमियों को हरियाणा में उद्योग लगाने के लिए आमंत्रित कर रहे हैं। दूसरी ओर, पंजाब से उद्योगपति दूसरे प्रदेशों में भाग रहे हैं। उनमें सुरक्षा का भाव नहीं है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा में किसानों को मंडियों में समस्या न आए, इस पर सरकार की पूरी नजर है। अव्यवस्थाएं हो जाती हैं, हम उन्हें दूर कर रहे हैं। इस बार एकदम से और समय से पहले ज्यादा धान आ जाने से यह दिक्कत हुई। आने वाले साल में इसे लेकर व्यवस्थाएं और दुरुस्त की जाएंगीं। दो लाख सरकारी नौकरियों के वादे और अब तक 46 हजार को रोजगार दिए जाने को बेरोजगारों से अन्याय बताने के विपक्ष के आरोप पर उन्होंने कहा कि विपक्ष झूठ बोल रहा है। कांग्रेस के अपने समय में स्थिति क्या थी, यह देखे। उसने कितने बच्चों को नौकरी दी। वह मुझसे श्वेतपत्र मांगते हैं, मैं उनसे इस मसले पर श्वेतपत्र मांगता हूं।
मुख्यमंत्री ने रोजगार, किसान, कानून-व्यवस्था और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर सरकार का पक्ष रखते हुए दो लाख सरकारी नौकरियां देने के वादे को पूरा करने के लिए भर्ती प्रक्रिया तेज करने की बात कही। कहा कि निजी क्षेत्र में रोजगार बढ़ाने के लिए नए औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने और उद्योगों की जरूरत के हिसाब से आईटीआई व विश्वविद्यालय में कोर्स शुरू करने की सरकार की तैयारी है। किसानों से जुड़े मुद्दे पर सरकार का दावा है कि पूरी फसल एमएसपी पर खरीदी जा रही है। हालांकि, धान खरीद के दौरान मंडियों में बढ़ते
दबाव को देखते हुए अगले सीजन की तैयारियों में बदलाव की जरूरत भी मुख्यमंत्री ने मानी है। रंगदारी और अपराध पर सख्त कार्रवाई का भरोसा देने के साथ उन्होंने सरकारी धन की सुरक्षा के लिए नई निगरानी व्यवस्था बनाने की बात कही है। उन्होंने कहा- अपराधी कहीं भी छिपा जाए, उनकी पुलिस उसे पाताल से ढूंढकर ले आएगी। राहुल गांधी समेत विपक्ष पर भी काफी कुछ कहा है। पेश है विस्तृत बातचीत-