कांग्रेस के कई विधायक भाजपा में आने के इच्छुक
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कई विधायक भाजपा में आने के इच्छुक हैं। मैं पहले भी कह चुका हूं कि जो लोग पार्टी में आना चाहते हैं वे बेशक आएं, मगर दो साल तक लाभ के पद की इच्छा न रखें। पहले पार्टी के लिए काम करें, फिर पार्टी देखेगी। राहुल गांधी की हरियाणा में सक्रियता पर उन्होंने कहा कि उन्हें पता चल जाएगा। विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की हार के लिए राहुल ने भूपेंद्र सिंह हुड्डा को ही जिम्मेदार ठहराया है। सबको पता है कि हरियाणा में कांग्रेस हुड्डा से है। राहुल हुड्डा को इस बार कोई पद देने वाले नहीं। यदि हुड्डा साइड लाइन हुए तो हरियाणा के कई जिलों में कांग्रेस का बस्ता उठाने वाला भी कोई नहीं बचेगा।
सैनी सरकार हर संकल्प को कर रही पूरा
प्रदेश में नायब सिंह सैनी सरकार के कामकाज पर संतुष्टि जताते हुए उन्होंने कहा कि सरकार पार्टी के संकल्पों को एक-एक करके पूरा कर रही है। हरियाणा में डेढ़ साल से सामाजिक पेंशन नहीं बढ़ी है जबकि पार्टी के संकल्प पत्र में हर साल पेंशन बढ़ाने का वादा किया गया था। इस सवाल पर उन्होंने कहा कि इसकी तैयारी चल रही है। लाडो योजना के तहत भी महिलाओं को हर महीने 2100 रुपये मिलेंगे। 40 दिनों में योजना घोषित हो जाएगी। सरकार ने इसकी तैयारी कर ली है। संगठन सरकार के कामकाज की समीक्षा कर रहा है। मंत्रियों के काम पर भी नजर है।
दोबारा अध्यक्ष बनेंगे या नहीं, हाईकमान बताएगा
वह दोबारा अध्यक्ष बनेंगे या नहीं, इस पर बड़ौली ने कहा कि यह तो हाईकमान ही बता सकता है। भाजपा में किसी को कुछ पता नहीं होता। उन पर जो आरोप पिछले दिनों लगे थे इसके बारे में उन्होंने कहा कि इसका असर तो पड़ता है। आरोप इसीलिए लगाए गए थे, ताकि मुझे बदनाम किया जा सके। मगर कुछ निकला नहीं। सब लोग जानते हैं। पार्टी हाईकमान को भी इस बारे में पता लग चुका है।
राव इंद्रजीत ने मंच से सीएम के सामने कामकाज को लेकर सवाल उठाया था, इस पर बड़ौली ने कहा कि मुख्यमंत्री ने इसका तुरंत समाधान कर दिया। उन्होंने कहा कि विकास में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। किसी के साथ भेदभाव नहीं होगा। सबका विकास किया जा रहा है। हम लोग किसी सदस्य की बात को नकारात्मक नहीं लेते। उसका समाधान क्या है, उस पर काम करते हैं। हम लोग राव इंद्रजीत की बातों को ध्यान से सुनते हैं और उस पर अमल भी होता है।