- हरियाणा मानवाधिकार आयोग ने छह माह में सुनवाई करते हुए 3086 मामलों का किया निपटान
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा मानवाधिकार आयोग (एचएचआरसी) ने छह माह के अंदर 3086 मामलों की सुनवाई करके उनका निपटान किया है। आयोग में 56 मामले दो वर्ष से लंबित थे, अब उन्हें भी निस्तारित किया जा चुका है। वहीं, गुरुग्राम-फरीदाबाद में मानवाधिकारों के उल्लंघन के सर्वाधिक मामले दर्ज हुए हैं।
आयोग के प्रोटोकॉल, सूचना व जनसंपर्क अधिकारी डॉ. पुनीत अरोड़ा ने बताया कि आयोग हरियाणा में न्याय और मानवाधिकारों की रक्षा के लिए मामलों के शीघ्र निपटान के लिए प्रतिबद्ध है। आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति ललित बत्रा और दोनों सदस्य कुलदीप जैन और दीप भाटिया के नेतृत्व में आयोग तेजी से मामलों का निस्तारण कर रहा है। आंकड़े जारी करते हुए कहा कि 27 नवंबर 2024 को पुनर्गठित किए जाने के बाद अपने 6 महीने के छोटे से कार्यकाल में ही यह मामले निस्तारित किए हैं। 27 नवंबर 2024 से 31 मई 2025 की अवधि के दौरान आए इन सभी मामलों का निपटारा किया गया। वर्ष 2024-25 में हरियाणा में 2442 नए मामले दर्ज किए गए। यह सभी मामले आयोग में 1 अप्रैल 2024 से 31 मार्च 2025 के बीच में विभिन्न जिलों में दर्ज हुए। सबसे अधिक मामले गुरुग्राम में 320 और फरीदाबाद में 258 दर्ज हुए। हिसार में 182, पंचकूला में 173, करनाल में 109 के बाद पानीपत, सोनीपत और सिरसा जिलों में प्रति जिला 113 मामले दर्ज किए गए। वहीं, प्रदेश में सबसे कम मामले चरखी दादरी में 30 दर्ज हुए हैं।