चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने सरकारी कामकाज को बिना रुकावट जारी रखने के लिए नई व्यवस्था की है। इसके तहत निगरानी एवं समन्वय विभाग के सचिव, विशेष सचिव या अतिरिक्त सचिव की गैर मौजूदगी में सचिवालय स्थापना का काम देखने वाले संबंधित अधिकारी जिम्मेदारी संभालेंगे। अगर कोई अधिकारी छुट्टी पर जाता है, ट्रेनिंग, सरकारी दौरे या चुनाव ड्यूटी पर रहता है या किसी अन्य कारण से कार्यालय में मौजूद नहीं होता है तो उसकी जगह लिंक अधिकारी काम संभालेंगे। अधिकारी के तबादले या रिटायर होने से पद खाली होने पर भी लिंक अधिकारी ही जिम्मेदारी संभालेंगे। सरकार ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि छुट्टी, ट्रेनिंग, सरकारी दौरे या चुनाव ड्यूटी पर जाने से पहले वे अपने लिंक अधिकारी को इसकी जानकारी जरूर दें। इससे अधिकारी की गैर मौजूदगी में भी सरकारी फाइलों और जरूरी कामों में देरी नहीं होगी।