चंडीगढ़। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि भाजपा ने एक ही झटके में बिजली को चार गुना तक महंगा कर दिया है। जिन आम परिवारों को 900 से 1000 रुपये तक बिल देना पड़ता था, उन्हें अब 4000 से 5000 रुपये बिल थमाया जा रहा है।
एक तरफ गर्मी में घंटों पावर कट से परेशानी हो रही है, दूसरी ओर लोगों को महंगाई की मार झेलनी पड़ रही है। हुड्डा ने कहा कि 75 रुपये प्रति किलो वाट फिक्स चार्ज भी जोड़ने से 10 किलोवाट के कनेक्शन पर अब प्रति माह 750 रुपये अतिरिक्त देने पड़ रहे हैं।
पहले दरें स्लैबवाइज थीं, यानी 50 यूनिट या इससे ज्यादा इस्तेमाल पर 2.50 रुपये से 6.30 रुपये प्रति यूनिट खर्च आता था। अब 5 किलो वाट से अधिक लोड होने पर 6.50 से 7.50 रुपये प्रति यूनिट वसूला जा रहा है।
अलग से स्लैबवाइज बिजली के दामों में भी वृद्धि हुई है। बिजली की बढ़ी हुई दरें पहली अप्रैल से चुपचाप लागू कर दी गई है। ब्यूरो