अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला ने परिवार पहचान पत्र (फैमिली आईडी) में गलत जानकारियां भरकर गरीबों के राशन कार्ड काटे जाने का गंभीर आरोप भाजपा सरकार पर लगाया है। उन्होंने कहा कि यह एक सोची समझी साजिश है जिसके तहत गरीबों से उनका हक छीना जा रहा है। अब भाजपा सरकार गरीबों के मुंह का निवाला छीनने पर उतर आई है।
यहां जारी बयान में चौटाला ने कहा कि आज महंगाई के दौर में मिडिल क्लास लोग रसोई का खर्च उठाने में परेशान है। ऐसे में गरीबी रेखा के नीचे जीवनयापन करने वाले परिवार बिना राशन के कैसे अपना और अपने बच्चों का पेट भर पाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में आने से पहले भाजपा ने गरीबों के वोट हासिल करने के लिए बीपीएल कार्ड बनाए लेकिन अब जानबूझकर फैमिली आईडी में नाम गलत दर्ज कर, आय अधिक दिखाकर और अन्य त्रुटिपूर्ण जानकारियां डालकर उन्हीं गरीबों के राशन कार्ड काटे जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में लाखों परिवारों के राशन कार्ड कट चुके हैं जिससे उनकी राशन और पेंशन दोनों बंद हो गए हैं। बड़ी संख्या में लोग फैमिली आईडी की गलतियां सुधारने के लिए सरल केंद्रों के चक्कर काट रहे हैं लेकिन उनकी कहीं सुनवाई नहीं हो रही। कई परिवारों को तो यह भी नहीं बताया जा रहा कि उनका राशन कार्ड आखिर क्यों काटा गया।