चंडीगढ़। हरियाणा लोक सेवा आयोग ने 17 अगस्त को दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक आयोजित होने वाली भूगोल की परीक्षा को स्थगित कर दिया है। हरियाणा उच्च शिक्षा विभाग में भूगोल विषय के लिए सहायक प्रोफेसर (कॉलेज कैडर) के पदों के लिए यह परीक्षा आयोजित होनी थी।
हरियाणा लोक सेवा आयोग ने अपनी वेबसाइट पर अधिकारिक सूचना अपलोड की है। आयोग के डिप्टी सेक्रेटरी की ओर से अपलोड सूचना के अनुसार, परीक्षा (प्री) में उत्तीर्ण न होने वाले कई अभ्यर्थियों ने उच्च न्यायालय चंडीगढ़ में विभिन्न याचिकाएं दायर की हैं। इन सभी मामलों में उच्च न्यायालय ने याचिकाकर्ताओं को विषय ज्ञान परीक्षा (मुख्य) में भाग लेने की अस्थायी अनुमति दी है। ऐसे अभ्यर्थियों की संख्या 160 से अधिक है।
आयोग विषय ज्ञान परीक्षा के लिए एक निश्चित संख्या में प्रश्न-उत्तर पुस्तिकाएं मुद्रित करता है। उपरोक्त परीक्षा के लिए आयोग के पास 160 से अधिक अतिरिक्त पुस्तिकाएं उपलब्ध नहीं हैं। विषय ज्ञान परीक्षा 17 अगस्त को निर्धारित थी इसलिए आयोग इतनी बड़ी संख्या में उम्मीदवारों को इतनी देर से समायोजित नहीं कर सकता। इसलिए इन परिस्थितियों को देखते हुए आयोग के पास 17 अगस्त को निर्धारित विषय ज्ञान परीक्षा को स्थगित करने के अलावा कोई विकल्प नहीं था। आयोग ने परीक्षा की नई तिथि की जानकारी के लिए अधिकारिक वेबसाइट पर नियमित जुड़ने रहने को कहा है ताकि परीक्षा की तिथि पता चल सके।