मेवात के सरकारी कॉलेज पिनगवां में तैनात अधिकारी को पलवल के सरकारी कॉलेज की डीडीओ शक्तियां दी गई हैं। अंबाला छावनी स्थित सरकारी कॉलेज के प्राचार्य देशराज को राजकीय कॉलेज साहा, अंबाला की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
हरियाणा के पांच सरकारी कॉलेजों में प्राचार्यों और सहायक प्राचार्यों को आहरण एवं संवितरण अधिकारी (डीडीओ) की शक्तियां सौंपी गई हैं।
विज्ञापन
उच्चतर शिक्षा निदेशालय ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। ये अधिकारी अपने वर्तमान कार्यभार के साथ अतिरिक्त जिम्मेदारी भी संभालेंगे। संबंधित कॉलेजों में नियमित अधिकारी के पदभार संभालने या आगामी आदेश जारी होने तक यह व्यवस्था लागू रहेगी।
आदेश के अनुसार, मेवात के सरकारी कॉलेज पिनगवां में तैनात अधिकारी को पलवल के सरकारी कॉलेज की डीडीओ शक्तियां दी गई हैं। अंबाला छावनी स्थित सरकारी कॉलेज के प्राचार्य देशराज को राजकीय कॉलेज साहा, अंबाला की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी तरह राजकीय कॉलेज रादौर के प्राचार्य सुरेंद्र कुमार सिंह को यमुनानगर के राजकीय कॉलेज सरस्वती नगर, मुस्तफाबाद का डीडीओ बनाया गया है।
वहीं, राजकीय कॉलेज लाडवा के प्राचार्य अजय कुमार को कैथल के राजकीय कॉलेज लाडाना चक्कू और राजकीय महिला कॉलेज कलायत की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है। राजकीय कॉलेज गुहला चीका के प्राचार्य डॉ. जितेंद्र मोर को कैथल के राजकीय महिला कॉलेज शेरदा और राजकीय कॉलेज लुगड़ की डीडीओ शक्तियां सौंपी गई हैं।
निदेशालय ने संबंधित अधिकारियों, कॉलेजों और कोषागार अधिकारियों को आदेशों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।