चंडीगढ़। पहली बार हवाई जहाज में सफर करना, संसद भवन देखना और लोकसभा अध्यक्ष के सामने भाषण देना। सरकारी मॉडल हाई स्कूल डड्डूमाजरा के पांच विद्यार्थियों के लिए दिल्ली का यह दौरा बेहद यादगार रहा। 31 अक्तूबर को संसद भवन में आयोजित नो योर लीडर्स कार्यक्रम में शामिल होकर बच्चों को देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को करीब से जानने का मौका मिला। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के सामने भाषण दिया और उनसे मुलाकात भी की। उन्होंने लोकसभा और राज्यसभा का दौरा कर संसद की कार्यवाही और कामकाज के बारे में जानकारी हासिल की। इसके अलावा प्रधानमंत्री संग्रहालय में देश के सभी प्रधानमंत्रियों के योगदान के बारे में जाना। इस कार्यक्रम में देशभर से 36 विद्यार्थी शामिल हुए, 5 चंडीगढ़ के थे। खास बात यह रही कि भाषण देने के लिए चुने गए 12 विद्यार्थियों में से चार इसी स्कूल के थे। इनमें जतिन कुमार, अलका, आलिया और गुंजन शामिल रहीं। नील ने भी कार्यक्रम में भाग लिया। हेडमिस्ट्रेस अरविंदर कौर के मार्गदर्शन में शिक्षक भारत भूषण और ज्योति भारती ने बच्चों को तैयार किया।