- आठ जुलाई तक दावे-आपत्तियां मांगीं, इसके बाद पदोन्नति प्रक्रिया को मिलेगी रफ्तार
चंडीगढ़। प्रदेश में लंबे समय से प्रतीक्षित टीजीटी पदोन्नति प्रक्रिया को आगे बढ़ाने से पहले मौलिक शिक्षा निदेशालय ने वरिष्ठता सूची की अंतिम जांच शुरू कर दी है। विभाग ने सभी जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि यदि किसी शिक्षक का नाम छूट गया है या वरिष्ठता सूची में कोई त्रुटि है तो उसे आठ जुलाई तक सिफारिश सहित निदेशालय को भेजा जाए।
हरियाणा मौलिक शिक्षा निदेशालय, पंचकूला की ओर से जारी सभी जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों (डीईईओ) को निर्देश दिए हैं। यह प्रक्रिया एक जनवरी 2012, एक जनवरी 2017 और एक जुलाई 2020 की टीजीटी-मास्टर वरिष्ठता सूचियों के साथ हिंदी, संस्कृत, पंजाबी और दिव्यांग वर्ग की अलग-अलग सूचियों के लिए लागू होगी। विभाग ने सभी जिलों से यह प्रमाण पत्र भी मांगा है कि उनके यहां वरिष्ठता सूची से जुड़ा कोई दावा या आपत्ति लंबित नहीं है।
अब आठ जुलाई तक सभी दावे और आपत्तियों का निपटारा होने के बाद विभाग अंतिम वरिष्ठता सूची के आधार पर पदोन्नति की अगली प्रक्रिया शुरू करेगा, जिससे वर्षों से इंतजार कर रहे शिक्षकों को राहत मिलने की उम्मीद है।