चेक बाउंस मामले में आरोपी को पांच दिसंबर तक सरेंडर करने के आदेश
विज्ञापन
चंडीगढ़। चेक बाउंस के मामले में तय प्रक्रिया का पालन किए बिना आरोपी को भगोड़ा घोषित करने को चुनौती देने वाली याचिका का निपटारा करते हुए हाईकोर्ट ने विवादित आदेश को रद्द कर दिया है। कोर्ट ने याची को 5 दिसंबर तक सरेंडर करने का आदेश दिया है और सरेंडर करने की स्थिति को याची को जमानत देने का आदेश दिया है।
याचिका दाखिल करते हुए फतेहाबाद निवासी सुमन ने एडवोकेट मेनका गुप्ता के माध्यम से हाईकोर्ट को बताया कि उसके खिलाफ चेक बाउंस का केस चल रहा था। इस मामले में शिकायतकर्ता ने उनका सही पता नहीं लिखा जिससे उन्हें कोर्ट का कोई नोटिस नहीं मिला। नोटिस न मिलने पर वह उस केस में पेश नहीं हो सकी। ट्रायल कोर्ट ने 15 सितंबर 2025 को याची को भगोड़ा घोषित कर दिया।
कोर्ट ने कहा कि किसी भी व्यक्ति को घोषित अपराधी बनाने से पहले कानून की प्रक्रिया का सही पालन होना चाहिए। तामील की पूरी जांच किए बिना आदेश देना गलत है। आरोपी को एक मौका दिया जाना चाहिए ताकि केस आगे बढ़ सके। हाईकोर्ट ने आदेश दिया कि सुमन 5 दिसंबर 2025 तक ट्रायल कोर्ट में सरेंडर करें। सरेंडर करने पर उन्हें जमानत पर रिहा किया जाएगा। वे भविष्य में सभी तारीखों पर उपस्थित रहने का हलफनामा देंगी।