अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने बुधवार को राजभवन में भारत रत्न डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। देश के मिसाइल कार्यक्रम का नेतृत्व करके एक सशक्त भारत के निर्माण में डॉ. कलाम के अभूतपूर्व योगदान को याद करते हुए राज्यपाल प्रो. घोष ने कहा कि राष्ट्र उन्हें सदैव सम्मान की गहरी भावना के साथ याद रखेगा। प्रो. घोष ने कहा कि डॉ. कलाम ने 1998 में पोखरण परमाणु परीक्षणों के सफल संचालन में अग्रणी भूमिका निभाई। कलाम ने अपनी विनम्रता, सादगी, सत्यनिष्ठा और एक विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के विजन से पूरे देश को प्रेरित किया। उन्होंने इस बीच सीएसआईआर-सीएसआईओ चंडीगढ़ के वैज्ञानिकों के साथ बातचीत भी की। इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव डीके बेहरा, राज्यपाल के एडीसी शुभम सिंह, ओएसडी डॉ. सतीश कुमार व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।