सत्यापन के तीन माह बाद भी 137 डॉक्टरों को है नियुक्ति का इंतजार
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। प्रदेश में 777 डॉक्टरों की भर्ती प्रक्रिया के तहत 58 डॉक्टरों के दस्तावेजों के सत्यापन की तिथि 21 जुलाई निर्धारित की गई है। हरियाणा स्वास्थ्य विभाग की ओर से विभिन्न जिलों के 58 डॉक्टरों को 21 जुलाई को पंचकूला स्थित मुख्यालय में सुबह 10 बजे बुलाया गया है। इस दौरान इनके दस्तावेजों और अन्य निर्धारित मानकों की परख होगी। इनकी जिलों से रिपोर्ट आने के बाद विभाग की तरफ से इन्हें सत्यापन के लिए बुलाया गया है। उधर तीन माह पहले ही सत्यापन प्रक्रिया पास करने वाले 137 डॉक्टरों को अभी भी नियुक्ति का इंतजार है।
यूडीएफ के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अमित व्यास के मुताबिक एक दिसंबर 2024 को परीक्षा हुई थी और परिणाम 15 फरवरी 2025 को जारी किया गया था। इसके बाद कुल 561 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र देकर अस्पताल अलॉट किए गए। यह वर्तमान में कार्यरत हैं जबकि 137 डॉक्टरों ने 21 अप्रैल 2025 को दस्तावेज सत्यापन प्रक्रिया में भाग लिया था, जो अभी भी नियुक्ति के इंतजार में है। इनकी फाइल मुख्यमंत्री दफ्तर पहुंच चुकी है। वहां से मंजूरी मिलते ही सभी डॉक्टरों की नियुक्ति हो जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग में 24 फीसदी पद रिक्त
स्वास्थ्य विभाग में 24 फीसदी पद रिक्त हैं। इनमें सिविल सर्जन या समकक्ष के 51 में से नौ पद खाली हैं। वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारियों के 34 फीसदी पद रिक्त हैं। वरिष्ठ दंत शल्य चिकित्सकों के 56 स्वीकृत पदों में से 20 खाली हैं। इसके साथ ही दंत शल्य चिकित्सकों के 717 में से 58 पद खाली पड़े हैं।