- बरसात के चलते ई-गिरदावरी का काम प्रभावित
- दी रेवेन्यू पटवार व कानूनगो एसोसिएशन हरियाणा के पदाधिकारियों ने भू-अभिलेख निदेशक को लिखा पत्र
चंडीगढ़। हरियाणा में हो रही बरसात के चलते ई-गिरदावरी का कार्य प्रभावित हो रहा है। सरकार ने पांच सितंबर तक ई-गिरदावरी के आदेश दिए हैं। दी रेवेन्यू पटवार व कानूनगो एसोसिएशन हरियाणा ने भू-अभिलेख निदेशक को पत्र लिखकर मांग की है कि ई-गिरदावरी के कार्य की समयावधि को पांच अक्तूबर तक बढ़ाया जाए। बरसात के चलते खरीफ 2025 का कार्य प्रभावित हो रहा है और बरसात में यदि पटवारी गए तो टैब खराब होने का डर रहता है।
दी रेवेन्यू पटवार व कानूनगो एसोसिएशन हरियाणा के राज्य प्रधान जयवीर चहल और महासचिव सन्नी दहिया ने हरियाणा भू-अभिलेख निदेशक डाॅ. यशपाल यादव को पत्र लिखकर पटवारियों की समस्या से अवगत करा दिया है। एसोसिएशन के राज्य प्रधान ने बताया कि ई-गिरदावरी के कार्य का समय कम से कम 15 से 30 दिन बढ़ाया जाए। राज्य प्रधान ने बताया कि प्रदेश में पिछले 20-25 दिनों से लगातार रूक-रूककर बरसात हो रही है। ऐसे में पटवारी फील्ड में गिरदावरी के लिए नहीं जा पा रहे हैं।
बरसात के कारण फील्ड में रिकार्ड और टैब के खराब होने का खतरा बना रहता है। वहीं, प्रदेशभर में अधिकतर खेतों के रास्तों पर भी पानी भरा रहता है। इसलिए एसोसिएशन ने मांग करते हुए कहा कि गिरदावरी का समय पांच सितंबर तक है। इसे बढ़ाकर 5 अक्तूबर किया जाए। अगस्त महीना मानसून का महीना होता है। इस दौरान गिरदावरी करने में अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।