- शराब ठेकों की नीलामी में धमकी या हस्तक्षेप बर्दाश्त नहीं: डॉ. सुमिता मिश्रा
- विभिन्न जिलों के डीसी-एसपी और आबकारी अधिकारियों के साथ की बैठक
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। प्रदेशभर में गैंगस्टरों की धमकी से दहशत में आकर शराब ठेके खरीदने से कतराने वाले ठेकेदारों के साथ संबंधित जिलों के डीसी और एसपी सीधा संवाद करेंगे और उन्हें सुरक्षा का विश्वास दिलाएंगे। इस संबंध में गृह विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डाॅ. सुमिता मिश्रा ने पुलिस व आबकारी विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। डॉ. मिश्रा यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, जींद, हिसार, रोहतक, करनाल और अंबाला जिलों के उपायुक्तों (डीसी), पुलिस अधीक्षकों (एसपी) और जिला आबकारी एवं कराधान आयुक्तों (डीईटीसी) के साथ कानून एवं व्यवस्था की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहीं थीं। उन्होंने कहा कि बोली में किसी भी अधिकारी की मिलीभगत मिलने पर उसके खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
डाॅ. मिश्रा ने कहा कि बोलीदाताओं के बीच विश्वास पैदा करने के लिए संबंधित जिलों के डीसी और एसपी उनसे सीधा संवाद और बैठकें करें। बोलीदाताओं को सुरक्षा का भरोसा दिलाएं। इससे ठेकेदारों में सरकार के समर्थन का भरोसा बढ़ेगा। डॉ. मिश्रा ने कहा कि बोलीदाताओं को धमकाने वाले स्थानीय बदमाशों व असामाजिक तत्वों की पुलिस और खुफिया एजेंसियां पहचान करें। जिला खुफिया इकाइयों को आदतन-उपद्रवियों की विस्तृत प्रोफाइल तैयार करने के साथ उनकी प्रत्येक गतिविधि पर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, संदिग्ध लोगों या वाहनों की जांच करने को कहा गया है।
डॉ. मिश्रा ने कहा कि ठेकों की नीलामी प्रक्रिया को सुचारू और पारदर्शी बनाने के लिए वीडियो निगरानी, संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बलों की तैनाती के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आगामी नीलामी में धमकी या किसी का हस्तक्षेप बर्दाश्त नहीं करेगी। बैठक में आबकारी एवं कराधान विभाग की आयुक्त एवं सचिव आशिमा बराड़, आबकारी एवं कराधान आयुक्त विनय प्रताप सिंह, एडीजीपी, कानून एवं व्यवस्था संजय कुमार के अलावा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।