- आईएएस पत्नी अमनीत पी कुमार को विधायक भाई ने संभाला, अन्य सदस्य रहे मौजूद
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। दिवंगत वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी वाई पूरण कुमार की अस्थियों का बेटियों ने 10वें दिन बिलखते हुए गंगा में विसर्जन किया। हरिद्वार में इस दौरान आईएएस पत्नी अमनीत पी कुमार को विधायक भाई अमित रतन संभालते रहे। परिवार के अन्य सदस्य भी साथ में मौजूद थे।
परिवार के सदस्य वीरवार सुबह पूरण कुमार की अस्थियां लेकर हरिद्वार के लिए रवाना हो गए थे। दोपहर के समय हिंदू रीति-रिवाज से अस्थि विसर्जन किया गया।
निष्पक्ष जांच के बाद आरोपियों पर सख्त कार्रवाई हो: सुशील गुप्ता
सेक्टर-24 स्थित सरकारी आवास पर वीरवार को आम आदमी पार्टी के हरियाणा अध्यक्ष सुशील गुप्ता और समाजवादी पार्टी से राज्यसभा सदस्य व राष्ट्रीय महासचिव रामजीलाल सुमन परिवार को सांत्वना देने पहुंचे। यहां पूरण के पिता से मिलकर उन्होंने ढांढस बंधाया और पूरण की तस्वीर पर पुष्प अर्पित किए। सुशील गुप्ता ने कहा कि दलित समाज के एक वरिष्ठ अधिकारी को आत्महत्या के लिए मजबूर करने की घटना बताती है कि सिस्टम में पूरण कुमार को कितनी प्रताड़ना सहन करनी पड़ी है। इस मामले में निष्पक्ष जांच के बाद आरोपियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
यह आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या: रामजीलाल
रामजीलाल सुमन ने कहा कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या है। दलित समुदाय से आने के कारण ही पूरण को इस तरह का कदम उठाना पड़ा है। पूरण के सुसाइड नोट के अनुसार इसके जिम्मेदारी भी वरिष्ठ अधिकारी हैं।