अमनीत पी कुमार से मिले मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी
आईपीएस वाई पूरण कुमार की आत्महत्या मामले को लेकर हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी और गृह सचिव सुमिता मिश्रा शुक्रवार को आईएएस अमनीत पी कुमार से मिलने उनके आवास पर पहुंचे और संवेदना जताई। अनुराग रस्तोगी और सुमिता मिश्रा करीब डेढ़ घंटे तक आईएएस अमनीत पी कुमार से मिले हैं। अनुराग रस्तोगी और सुमिता मिश्रा के साथ आईएएस राज शेखर वुडरू भी मौजूद रहे।
मामले में लीपा पोती कर रही भाजपा सरकार
इनेलो के प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा भी आईएएस अमनीत पी कुमार से मुलने सेक्टर-24 स्थित उनके आवास पर पहुंचे। रामपाल माजरा ने आरोप लगाया कि एडीजीपी वी पूरण कुमार की आत्महत्या मामले में प्रदेश की भाजपा सरकार लीपा पोती कर रही है और इस दुख की घड़ी में इनेलो पीड़ित परिवार के साथ है।
वहीं, पूर्व मंत्री गीता भुक्कल ने कहा इस मामले में सरकार निष्पक्ष जांच करवाए। पता नहीं किसके दबाव में अभी तक कार्रवाई से सरकार कतरा रही है। इधर, दूसरी तरफ चंडीगढ़ पुलिस की तरफसे आईएएस अमनीत पी कुमार के आवास की सुरक्षा बढ़ाई गई है। सेक्टर-24 स्थित उनके सरकारी आवास के बाहर अस्थायी रूप से पुलिस चेक पोस्ट बनाई गई है। परिवार की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की गई थी।