हरियाणा के पानीपत में पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में पकड़ा गया नोमान इलाही से पुलिस पूछताछ कर रही है। पूछताछ में उससे कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। नोमान इलाही कुल पांच बार पाकिस्तान जा चुका है। खास बात यह है कि उसके मां-बाप की पांच साल पहले मौत हो चुकी है, लेकिन उनके पासपोर्ट नोमान के पास अभी भी हैं।
पाकिस्तान के लिए जासूसी करने शक में गिरफ्तार नोमान माता-पिता की मौत के पांच साल बाद भी उनके पासपोर्ट संभालकर रखे हुए था। इसके अलावा 2010 में अवधि समाप्त होने के बाद पासपोर्ट का लाभ उठा रहा था। पुलिस ने संभावना जताई है कि आरोपी इन पासपोर्ट्स के माध्यम से खुद पाकिस्तान गया होगा या किसी अन्य को भेजा होगा। पुलिस की जांच में ये भी सामने आया है कि नोमान अपने शुरुआती पासपोर्ट पर 2010 तक चार बार पाकिस्तान गया है। इसके बाद वह 2017 में पाकिस्तान गया। पुलिस को 2017 में उसके पाकिस्तान वैध या अवैध रूप से जाने के संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं है। आरोपी ने अपने नए पासपोर्ट की निशानदेही भी नहीं कराई है।
विज्ञापन
पानीपत पुलिस की सीआईए-वन टीम ने 13 मई पानीपत पुलिस ने कैराना के नोमान इलाही को पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में पानीपत के सेक्टर-29 स्थित सज्जन चौक से गिरफ्तार किया था। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर सात दिन की पुलिस रिमांड पर लिया था। इसके बाद से ही पुलिस लगातार उससे पूछताछ कर रही थी। पुलिस आरोपी को साथ लेकर कैराना के बेगमपुरा बाजार स्थित घर लेकर गई थी। पुलिस को उसके घर की तलाशी में आठ पासपोर्ट मिले थे। इनमें से तीन पासपोर्ट कैराना के एक परिवार के थे। वहीं तीन पासपोर्ट में उनका खुद का, उनके पिता और माता का था। वह उनकी मौत के बाद भी दोनों के पासपोर्ट संभालकर रखे हुए था। पुलिस ने उनके संबंध में रविवार को उससे पूछताछ की थी। इसी तरह उनके पासपोर्ट पर यात्रा की जानकारी भी अंतरराष्ट्रीय एजेंसी से मांगी है। नोमान इलाही ने अपने व परिवार के बैंक खातों की बजाय दूसरे लोगों के बैंक खातों में पैसे मंगवाए थे। इनमें दिल्ली और देहरादून के कुछ युवक शामिल है। पुलिस इन खातों की भी पड़ताल कर रही है। पुलिस सभी संदिग्धों की से पूछताछ करने की तैयारी कर रही है। उधर, सोमवार को भी नोमान से अलग-अलग एजेंसियों ने पूछताछ की।
बाकी जासूसों का लिंक भी जान रही पुलिस
पुलिस ने नोमान को 20 मई तक रिमांड पर लिया है। मंगलवार को उसका रिमांड का समय पूरा हो जाएगा। इसके साथ ही पुलिस सात दिन तक चली पूछताछ का भी खुलासा कर सकती है। पुलिस प्रदेश में पकड़े अन्य आरोपियों का आपस में लिंक की जांच रही है। नोमान के मोबाइल व व्हाट्सएप पर कॉल की डिटेल लेने के साथ एक जैसे बैंक खातों के बारे में भी जान रही है।
क्या कहती है पुलिस
डीएसपी मुख्यालय पानीपत सतीश वत्स का कहना है कि जासूसी के आरोपी नोमान से अलग-अलग एजेंसियों ने पूछताछ की है। मंगलवार को रिमांड की अवधि समाप्त होने पर उसे अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस जरूरत पड़ने पर आरोपी को फिर से रिमांड पर ले सकती है।