एचएसएससी को हाईकोर्ट की सिंगल के बाद डबल बेंच से भी राहत, बाधा खत्म
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (एचएसएससी) इसी सप्ताह संयुक्त पात्रता परीक्षा (सीईटी) के लिए करेक्शन पोर्टल खोल सकता है।पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट की सिंगल के बाद डबल बेंच से भी आयोग को राहत मिल गई है।
एचएसएससी ने 26 और 27 जुलाई को सीईटी-2025 कराया था। आयोग की परीक्षा के एक माह के अंदर ही परिणाम घोषित करने की तैयारी थी लेकिन नाॅर्मलाइजेशन प्रक्रिया को चुनाैती देते हुए पहले हाईकोर्ट की सिंगल बेंच में याचिका दायर की गई। बाद में हाईकोर्ट की डबल बेंच में याचिका दायर की गई। तीन दिन पहले हाईकोर्ट की डबल बेंच ने याचिका को खारिज कर दिया और नाॅर्मलाइजेशन प्रक्रिया को वैध करार दिया।एचएसएससी के सदस्य भूपेंद्र चाैहान का कहना है कि हाईकोर्ट की डबल बेंच ने भी नाॅर्मलाइजेशन प्रक्रिया को वैध बताया है। अब परिणाम घोषित करने में कोई अड़चन नहीं है। जल्द ही करेक्शन पोर्टल खोला जाएगा। इसके बाद परिणाम घोषित होगा।
खेल कोटे से लेकर डी-ग्रुप की भर्तियों की प्रक्रिया भी होनी है शुरू
सीईटी में शामिल होने के लिए 13,48,893 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था। चार सत्रों में कुल 12,46,497 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया था। पिछले माह खेल कोटे के तहत भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की भी घोषणा की गई थी। इसके अलावा ग्रुप डी की भर्ती प्रक्रिया शुरू होनी है। यह सभी प्रक्रियाएं तभी शुरू होंगी जब सीईटी का परिणाम घोषित होगा।