चंडीगढ़। हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड (एचवीपीएनएल) ने बिजली विभाग में तैनात अनुबंधित कर्मचारियों को हर साल 12 अतिरिक्त कैजुअल लीव (सीएल) देने का आदेश लागू कर दिया है। एचवीपीएनएल ने इस संबंध में सोमवार को बिजली वितरण निगमों में नियम लागू करने का आदेश पत्र जारी किया है। लिपिक स्टाफ में महिला कर्मियों की तैनाती है जिसकी कुल संख्या लगभग दो हजार है।
जारी पत्र के अनुसार पहले महिला अनुबंधित कर्मचारियों को पूरे वर्ष केवल 10 दिन कैजुअल लीव की अनुमति थी। नई व्यवस्था में यह संख्या बढ़ाकर 22 दिन कर दी गई है। साथ ही यह सुविधा पहले से उपलब्ध 10 दिन की मेडिकल लीव के अतिरिक्त होगी। ऐसे में अब महिला अनुबंधित कर्मचारियों को सालाना कुल 32 अवकाश (22 सीएल व 10 मेडिकल लीव) का लाभ मिलेगा।