चंडीगढ़। हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू) रोहतक के ऑनलाइन एवं ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग कोर्सों को विश्वविद्यालय अनुदान आयोग द्वारा तत्काल प्रभाव से बंद किए जाने के निर्णय को भाजपा सरकार की शिक्षा विरोधी नीतियों और प्रशासनिक नाकामी करार दिया है। उन्होंने पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय न्यायिक जांच की मांग करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी इस अन्याय को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी और सड़क से सदन तक छात्रों के अधिकारों की लड़ाई लड़ेगी। राव ने कहा कि विश्वविद्यालय की मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद की मान्यता 27 मार्च 2024 को ही समाप्त हो चुकी थी। इसके बावजूद एमडीयू प्रशासन ने छात्रों से 2025–26 सत्र के लिए प्रवेश शुल्क वसूलने हेतु झूठी और भ्रामक जानकारी प्रस्तुत की। इस कुप्रबंधन के कारण 6,500 से अधिक छात्र-छात्राओं का भविष्य गहरी अनिश्चितता में धकेल दिया गया है। ब्यूरो