बोले- बारिश व ओलावृष्टि से फसल को हुए नुकसान की भरपाई की जाए
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा है कि प्रदेश की मंडियों में किसानों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। चंडीगढ़ स्थित आवास पर प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि वह खुद और पार्टी के अन्य पदाधिकारी व विधायक शनिवार से अपने-अपने क्षेत्रों की मंडियों का दौरा कर हालात का जायजा लेंगे।
आरोप लगाया कि सरकार ने ट्रैक्टर वेरिफिकेशन, बायोमीट्रिक, गेट पास और तीन गारंटर जैसी शर्तें लगाकर किसानों के लिए मुश्किलें खड़ी कर दी हैं। हर किसान के पास ट्रैक्टर नहीं होता ऐसे में ये नियम उन्हें मजबूर कर रहे हैं कि वे मंडी के बाहर ही फसल सस्ते दाम पर बेच दें। इसे एक नए घोटाले की तैयारी बताते हुए कहा कि सरकार किसानों को कैदी बनाने की दिशा में काम कर रही है।
पूर्व सीएम ने कहा कि हाल ही में ओलावृष्टि और बारिश से किसानों की फसल को भारी नुकसान हुआ लेकिन सरकार ने न तो विशेष गिरदावरी कराई और न ही मुआवजा दिया। हुड्डा ने मांग की कि गेहूं पर तुरंत बोनस दिया जाए और नुकसान की भरपाई की जाए। साथ ही मंडियों में लगाई गई सभी अनावश्यक बाधाओं को खत्म किया जाए। आने वाले समय में डीजल, पेट्रोल और गैस सिलिंडर के साथ-साथ खाद, यूरिया और डीएपी की भी किल्लत हो सकती है जिससे किसानों की दिक्कतें और बढ़ेंगी। मंडियों की अव्यवस्था का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि कई जगह बारदाना, तिरपाल और मजदूरों की कमी है। ट्रांसपोर्ट के टेंडर भी अभी तक पूरे नहीं हुए हैं जिससे फसल का उठान प्रभावित होगा। अगर समय पर उठान नहीं हुआ तो किसानों को भुगतान में भी देरी होगी। कहा कि कांग्रेस किसानों के साथ खड़ी है और इन मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ मजबूती से आवाज उठाएगी।