हरियाणा कांग्रेस ने आवेदन की प्रक्रिया शुरू की, जोन के लिए इंचार्ज नियुक्त
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। कांग्रेस ने हरियाणा में तेज तर्रार प्रवक्ताओं व टीवी पैनलिस्ट की तलाश तेज कर दी है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रमुख संजीव भारद्वाज ने शनिवार को टैलेंट हंट कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की। पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया विभाग ने हरियाणा को चार जोन में बांटा है। सभी जोन के अलग-अलग इंचार्ज बनाए हैं। अंबाला जोन का इंचार्ज संजीव भारद्वाज, साउथ जोन का इंचार्ज चांदवीर सिंह हुड्डा, पूर्वी जोन का केवल ढींगड़ा और प्रोफेसर राय सिंह को पश्चिमी जोन का इंचार्ज नियुक्त किया गया है।
प्रदेश मीडिया प्रभारी ने कहा-यह टैलेंट हंट ऐसा मंच है जहां देश के कोने-कोने से आए युवा अपने विचार, अपनी क्षमता और अपनी प्रतिबद्धता को साबित कर सकते हैं। इसके माध्यम से युवाओं को प्रतिभावान, ऊर्जावान, जुझारू, बुद्धिजीवी युवाओं को प्रवक्ता, मीडिया पैनललिस्ट, रिसर्च कोऑर्डिनेटर, प्रचार कोऑर्डिनेटर,के तौर पर कार्य करने का अवसर मिलेगा।उन्होंने बताया कि यह अभियान तीन चरणों में चलेगा। पहले ब्लॉक एवं जिला स्तर पर आवेदन और प्रारंभिक चयन। उसके बाद प्रदेश स्तर पर लिखित परीक्षा, समूह चर्चा एवं साक्षात्कार और राष्ट्रीय स्तर पर अंतिम चयन एवं प्रशिक्षण। चयनित युवाओं को कांग्रेस के विभिन्न मोर्चा- युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, महिला कांग्रेस, सेवा दल आदि में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी जाएगी। साथ ही उन्हें पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के साथ सीधे संवाद और प्रशिक्षण का अवसर मिलेगा। मीडिया प्रभारी ने बताया कि आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इच्छुक युवा कांग्रेस की आधिकारिक वेबसाइट व निकटतम पार्टी कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।