सांसद दीपेंद्र हुड्डा, जय प्रकाश जेपी, वरुण चौधरी और सतपाल ब्रह्मचारी ने संयुक्त पत्रकार वार्ता
- फोटो : photo
चंडीगढ़। मनरेगा योजना से महात्मा गांधी का नाम हटाने और नई योजना लाने के फैसले को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। सांसद दीपेंद्र हुड्डा, जय प्रकाश जेपी, वरुण चौधरी और सतपाल ब्रह्मचारी ने संयुक्त पत्रकार वार्ता में कहा कि मजदूरों और गरीबों के अधिकारों पर हो रहे हमलों के खिलाफ कांग्रेस संसद से लेकर सड़कों तक लड़ाई लड़ेगी।
सांसद हुड्डा ने कहा कि भाजपा सरकार केवल नाम बदलने में विश्वास रखती है, काम में नहीं। मनरेगा से गांधी जी का नाम हटाना गरीब विरोधी मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि पूंजीपतियों के इशारे पर चल रही सरकार मजदूरों के हक कुचलना चाहती है, जिसे कांग्रेस कभी स्वीकार नहीं करेगी।
सांसद जय प्रकाश जेपी ने कहा कि आज का दिन इतिहास में काले अक्षरों में लिखा जाएगा। सरकार ने वीबी जी राम जी बिल को स्टैंडिंग कमेटी में भेजने की विपक्ष की मांग ठुकराकर तानाशाही रवैया दिखाया। केंद्र सरकार मनरेगा को कमजोर कर उसे खत्म करने का षड्यंत्र कर रही है।
सांसद वरुण चौधरी ने खुलासा किया कि हरियाणा में 8 लाख से अधिक पंजीकृत मनरेगा मजदूरों में से 2024-25 में केवल 2,191 परिवारों को ही 100 दिन का काम मिला। पिछले पांच वर्षों में एक भी मजदूर को बेरोजगारी भत्ता नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि बजट कटौती और नई शर्तें मजदूरों के साथ बड़ा अन्याय हैं।