सीएम आवास पर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, मुख्यमंत्री सैनी और एचएसजीपीसी के 40 सदस्य ने किया विचार मंथन
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एचएसजीपीसी) के 9 सदस्यों के चयन को लेकर रविवार को मुख्यमंत्री आवास पर मंथन हुआ है। इस दौरान केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और एसजीपीसी के सभी निर्वाचित 40 सदस्य मौजूद रहे। बाद में देर शाम हरियाणा भवन में 40 सदस्यों ने आपसी सहमति से पांच सदस्यों की एक कमेटी बनाई है, जो एक-दो दिन में 9 सदस्यों के चयन की प्रक्रिया को तय करेगी।
मुख्यमंत्री आवास पर सभी निर्वाचित एचएसजीपीसी सदस्यों को लंच पर आमंत्रित किया गया था। रविवार को लंच के बाद हुए मंथन में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने सभी सदस्यों से कहा कि आप लोग जल्द 9 सदस्यों को चुन लें। इस पर कुछ सदस्यों ने कहा कि सरकार की तरफ से ही 9 सदस्यों को चुनने की प्रक्रिया पूरी करवा दी जाए। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आप सभी 40 निर्वाचित सदस्य ही मिलकर चयन पर फैसला लें।
हरियाणा भवन में बनी कमेटी
हरियाणा सिख पंथक दल के सदस्य रविंदर सैनी ने बताया कि सीएम आवास से सभी सदस्य हरियाणा भवन पहुंचे। यहां पर सभी सदस्यों ने सीएम नायब सैनी के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर और सीएम के राजनीतिक सचिव तरुण भंडारी के सहयोग से एचएसजीपीसी के सदस्यों की चयन प्रक्रिया पर चर्चा की। हालांकि, राजेश खुल्लर पहुंचे नहीं थे। सदस्यों ने आपस में बातचीत करके तीनों ग्रुप से सदस्यों की एक पांच सदस्यीय कमेटी बनाई है।
सदस्यों के चयन के बाद होगा संचालन कमेटी का गठन
नाै सदस्यों की चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद एचएसजीपीसी के कुल 49 सदस्य हो जाएंगे। इसके बाद पांच साल के लिए एचएसजीपीसी की संचालन कमेटी गठित होगी। इनमें 40 निर्वाचित सदस्यों के साथ नौ मनोनीत सदस्य भी अपनी सलाह या वोट दे सकेंगे। जिस दल के पक्ष में ज्यादा सदस्य होंगे, उसी ग्रुप की कमेटी होगी। पंचवर्षीय कार्यकाल के लिए गठित कमेटी में ढाई वर्ष बाद प्रधान सहित अन्य पदाधिकारियों पर सदस्यों से दोबारा सलाह ली जाती है।