विस अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कमांडो ट्रेनिंग सेंटर पहुंचकर बढ़ाया जवानों का हौसला
अधिकारियों की उपस्थिति में एमपी 5 बंदूक से साधा सटीक निशाना
प्रशिक्षित कमांडो ने सुरक्षा प्रणाली से संबंधित साहसिक प्रदर्शन किए
चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने शनिवार को पंचकूला के चौंकी गांव स्थित हरियाणा पुलिस के कमांडो ट्रेनिंग सेंटर में वरिष्ठ अधिकारियों और जवानों का हौसला बढ़ाया। कमांडो ट्रेनिंग सेंटर की ओर से आयोजित स्वैट डिस्ट्रिक्ट कोर्स और स्वैट एचएपी कोर्स के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे कल्याण ने कहा कि पुलिस जवानों पर राष्ट्र की सुरक्षा की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
कमांडो ट्रेनिंग सेंटर में प्रशिक्षण लेने वाले जवानों को वीआईपी सुरक्षा में तैनात किया जाता है। उन्हें कई बार आतंकवादी हमलों जैसी भारी चुनौतियों से भी निपटना होता है। वीआईपी सुरक्षा में तैनात जवानों का कर्तव्य निर्वहन काफी चुनौतीपूर्ण होता है। एक तरफ उन्हें प्रशासनिक आदेशों का पालन करना है। वहीं, इस दौरान उन्हें सामान्य लोगों की प्रतिक्रिया भी झेलनी पड़ती है। उन्हें हर दिन साहस और धैर्य की परीक्षा देनी होती है।
इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष को गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया। विस अध्यक्ष कल्याण ने एडीजीपी सौरभ सिंह और आईजी (सुरक्षा) पंकज नैन समेत अनेक वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में एमपी-5 बंदूक से सटीक निशाना साधा। इस दौरान उन्होंने एके-47, ग्लॉक पिस्तौल व अन्य हथियारों पर भी हाथ आजमाया। कल्याण ने कहा कि यहां प्रशिक्षित जवानों के साहसिक और चुनौतीपूर्ण प्रदर्शन को देख उनकी ओर से की गई साधना की सहज झलक मिलती है। इस दौरान स्वैट कमांडो ने युद्धक कलाओं का शानदार प्रदर्शन किया।