पाकिस्तान के खिलाफ भारत के आपरेशन सिंदूर की प्रेस ब्रीफिंग करने वालीं कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाला सहायक प्रोफेसर आज राज्य महिला आयोग के सामने पेश होगा।
राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रेनू विज ने बताया कि वह 10 बजे तक दफ्तर पहुंच रहीं हैं, जबकि सहायक प्रोफेसर को 10.30 बजे से 12 बजे तक दफ्तर पहुंचने का समय दिया गया है। अगर सहायक प्रोफेसर राज्य महिला आयोग के दफ्तर में नहीं पहुंचता तो उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई भी होगी।
सोनीपत की अशोका यूनिवर्सिटी में पढ़ाता है सहायक प्रोफेसर
महिला आयोग ने टिप्पणी को स्वत संज्ञान लेते हुए सोनीपत की अशोका यूनिवर्सिटी के सहायक प्रोफेसर अली खान महमूदाबाद को 48 घंटे में दफ्तर में पेश होने का निर्देश दिया था। महमूदाबाद ने इन दोनों सैन्य अधिकारियों के साथ-साथ सेना के नियमों पर भी आपत्तिजनक टिप्पणी की थी।
आयोग ने अपने आदेश में लिखा है कि महमूदाबाद के सार्वजनिक बयान व टिप्पणियों से सशस्त्र बलों में महिलाओं का कथित रूप से अपमान हुआ है। इनसे सांप्रदायिक टकराव को बढ़ावा दिया गया है। महमूदाबाद के आचरण, टिप्पणियों और बयानों ने महिलाओं की सुरक्षा व सम्मान से संबंधित गंभीर चिंताएं उत्पन्न की हैं। पहलगाम में आतंकवादी हमले पर भारत की सैन्य प्रतिक्रिया और ऑपरेशन सिंदूर के बारे में सोशल मीडिया व अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उन्होंने आपत्तिजनक बयान प्रसारित किए हैं। यह 7 मई और उसके आसपास हुआ है।