मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सोमवार से तीन दिवसीय जापान दौरे पर रहेंगे। यह दौरा विकसित भारत-विकसित हरियाणा के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। मुख्यमंत्री 6 से 8 अक्तूबर तक टोक्यो और ओसाका में कई उच्च स्तरीय बैठकों और निवेशक कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। साथ ही विदेशी कंपनियों को हरियाणा में औद्योगिक साझेदारी और निवेश के लिए आमंत्रित करेंगे।
6 अक्तूबर: सीएम सुबह टोक्यो पहुंचेंगे और अपनी आधिकारिक गतिविधियों की शुरुआत जापान के विदेश मंत्रालय एवं अर्थव्यवस्था, व्यापार और उद्योग मंत्रालय के मंत्रियों से मुलाकात से करेंगे। वे जापान के विदेश राज्य मंत्री मियाजी ताकुमा और उद्योग राज्य मंत्री कोगा यूइचिरो के साथ द्विपक्षीय व्यापार, निवेश और तकनीकी सहयोग पर चर्चा करेंगे। इसके अलावा वे टोक्यो में भारतीय दूतावास में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होंगे और जेईटीआरओ, डेंसो, सुमितोमो, निसिन फूड्स, टोप्पन जैसी प्रतिष्ठित कंपनियों के प्रतिनिधियों से मिलेंगे।
7 अक्तूबर : शिंकानसेन (बुलेट ट्रेन) से ओसाका जाएंगे जहां वे वर्ल्ड एक्सपो 2025 में भाग लेकर हरियाणा स्टेट जोन का उद्घाटन करेंगे। सीएम जापानी मेयरों और उद्योगपतियों के साथ निवेश बैठकें करेंगे तथा निवेश रोड शो में राज्य के औद्योगिक अवसरों को प्रस्तुत करेंगे।
8 अक्तूबर: सैनी सुजुकी और कुबोटा संयंत्र का दौरा करेंगे और ओसाका प्रिफेक्चर के गवर्नर से भेंट करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दौरा हरियाणा को वैश्विक औद्योगिक साझेदारी और विदेशी निवेश के नए अवसरों से जोड़ने वाला मील का पत्थर साबित होगा।