फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नशे पर लगाम: सीएम नायब सैनी का एलान-नशे के खिलाफ काम करने वाले पुलिसकर्मी व पंचायतों को मिलेगा प्रोत्साहन

Wed, 04 Dec 2024 07:47 AM IST
निवेदिता वर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़

सार

हरियाणा में नशा तस्करी और नशा करने वालों की संख्या बढ़ती जा रही है। अमर उजाला युद्ध नशे के विरुद्ध अभियान चला रहा है। इसी पर अब हरियाणा सरकार ने संज्ञान लिया है।
विज्ञापन
हरियाणा के सीएम नायब सैनी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हरियाणा में नशे के खिलाफ अमर उजाला की मुहिम युद्ध-नशे के विरुद्ध पर संज्ञान लेते हुए सीएम नायब सिंह सैनी ने नशा तस्करी व कारोबार में शामिल लोगों पर सख्त से सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। 

विज्ञापन


उन्होंने कहा कि राज्य में नशा किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नशे को जड़ से खत्म करने के लिए हर संभव कोशिश करें। उन्होंने अधिकारियों से कहा है कि जो भी कदम उठाना पड़े, वे उठाएं। इसमें कोई भी कोताही न बरती जाए। उन्होंने राज्य के लोगों से भी आह्वान किया कि अब इस समस्या को खत्म करने के लिए उन्हें भी आगे आना होगा और सरकार का सहयोग करना होगा। इस दौरान उन्होंने नशे के खिलाफ बेहतरीन काम करने वाले पुलिसकर्मियों को मेडल से सम्मानित करने और गांव को नशा मुक्त करने वाली पंचायतों को प्रोत्साहन देने की घोषणा की।

अमर उजाला चला रहा है अभियान

अमर उजाला के अभियान पर संज्ञान लेते हुए सीएम नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को गृह विभाग और पुलिस के आला अधिकारियों की बैठक बुलाई। बैठक में सीएम के मुख्य प्रधान सचिव, मुख्य सचिव, गृह सचिव, डीजीपी, नारकोटिक्स ब्यूरो के एडीजीपी व सीआईडी प्रमुख भी शामिल हुए। बैठक में प्रदेश में नशे की रोकथाम को लेकर एक्शन प्लान पर विस्तार से चर्चा की।

उन्होंने कहा- नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई के साथ नशा पीड़ितों को इस जाल से बाहर निकालने की दिशा में भी काम करें। सभी विभाग अपने-अपने स्तर पर उनकी पहचान करें और उन्हें फिर से मुख्यधारा में जोड़ने की दिशा में भी सार्थक कदम बढ़ाएं।

उन्होंने कहा कि जिन नशा मुक्ति केंद्रों में डॉक्टर, काउंसलर व दवाओं की कमी हो, उसे तत्काल दूर किया जाए। साथ ही स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, पुलिस प्रशासन व सामाजिक संस्थाओं को मिलकर एक रणनीति बनाकर नशे की समस्या पर अंकुश लगाना होगा। सीएम ने युवाओं से कहा कि वे नशे से दूर रहें और आस पास के लोगों को भी जागरूक करने का कार्य करें।
विज्ञापन

नशा तस्करों की सूचना दें, नाम गुप्त रखा जाएगा

सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा- राज्य सरकार ने एक पहल शुरू की है, जिसके तहत नशा तस्कर या तस्करी से संबंधित सूचना देने वाले व्यक्ति को पुरस्कृत किया जाएगा और उसकी जानकारी भी गुप्त रखी जाएगी। उन्होंने ग्राम पंचायतों से कहा- वे अपने गांव को नशा मुक्त बनाने का संकल्प लें। नशा मुक्त गांव घोषित करने वाली पंचायतों को सरकार की ओर से प्रोत्साहन भी दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि गांव में भी लोगों को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए।

पुलिसकर्मी होंगे सम्मानित

मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे के खात्मे के लिए उल्लेखनीय कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को पुलिस मेडल देकर सम्मानित और प्रोत्साहित किया जाएगा। इससे अन्य पुलिसबल को प्रेरणा मिलेगी। इस दौरान उन्होंने मुख्य सचिव की अध्यक्षता में एक सेल बनाने की घोषणा की, जो झूठी शिकायतों की जांच करेगा।

नशा तस्करों के लिए विशेष साफ्टवेयर, चेन तोड़ने में मिल रही मदद

बैठक में हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने बताया कि नशा तस्करों की प्रोफाइलिंग के लिए हॉक सॉफ्टवेयर का उपयोग किया जा रहा है। इससे मादक पदार्थों की तस्करी की चेन को तोड़ने में बड़ी मदद मिल रही है। पुलिस की ओर से बताया गया कि हरियाणा राज्य मादक पदार्थ नियंत्रण ब्यूरो द्वारा एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज किए जा रहे हैं और सख्त कार्रवाई की जा रही है। साथ ही, हरियाणा उदय पहल के तहत नशा विरोधी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसके अलावा, राज्य की प्रहरी पहल के माध्यम से नशा बेचने वाले व्यक्तियों की पहचान कर उन पर लगातार कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें