मोहाली के निजी अस्पताल में दाखिल हैं कांग्रेस विधायक रघुबीर कादियान
चंडीगढ़। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मोहाली स्थित एक निजी अस्पताल में दाखिल बेरी विधानसभा के कांग्रेस विधायक रघुबीर कादियान का हाल-चाल पूछा। दोनों के मुलाकात की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। लोकतंत्र की इस सुखद तस्वीर को लेकर सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री की तारीफ भी हो रही है। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री अस्पताल में अपनी रुटीन जांच कराने के लिए पहुंचे थे। इस दौरान उन्हें पता चला है कि अस्पताल में रघुबीर कादियान भी दाखिल हैं तो वे उन्हें देखने उनके वार्ड में भी पहुंच गए। इस पर कादियान ने मुख्यमंत्री का आभार भी जताया।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी विधायकों के सुख-दुख में जरूर शामिल होते रहे हैं। फिर चाहे वह विपक्ष का ही विधायक क्यों न हो। उन्हें जब भी यह पता चलता है कि कोई विधायक बीमार है या अस्पताल में दाखिल हैं तो वह उन्हें फोन कर उनका कुशलक्षेम पूछते जरूर हैं। जाहिर है कि विधानसभा के अंदर कई मुद्दों को लेकर विपक्ष के विधायक रघुबीर कादियान मुख्यमंत्री व उनके विधायकों पर हमलावर होते हैं। बीते बजट सत्र के दौरान कादियान ने सरकार पर खूब निशाना साधा था। हालांकि उस दौरान भी मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपने चिर-परिचित स्वभाव से विपक्ष के विधायकों को शालीनता से जवाब दिया। रघुबीर कादियान के कूल्हे में दिक्कत होने की वजह से उन्हें अस्पताल में दाखिल कराया गया था। वे फिलहाल ठीक हैं और एक दो दिन में अस्पताल से उन्हें छुट्टी भी मिल जाएगी।