फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Chandigarh-Haryana News: गांवों में स्वच्छ सर्वेक्षण शुरू, 440 गांवों में औचक निरीक्षण करेगी केंद्रीय टीम

विज्ञापन
विज्ञापन
- प्रदेश के प्रत्येक जिले के 20-20 गांवों में निरीक्षण के लिए पहुंचेगी टीम
विज्ञापन

अरुण शर्मा

चंडीगढ़। केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय की ओर से स्वच्छ सर्वेक्षण(ग्रामीण)-2025 की शुरुआत हो गई है। इसके तहत हरियाणा के गांवों में स्वच्छता को लेकर की गईं तैयारियों का औचक निरीक्षण केंद्रीय टीम करेगी। अगस्त के अंत तक सर्वेक्षण का कार्य चलेगा। हरियाणा में 143 खंडों में 6,618 गांव हैं। केंद्रीय टीम सभी 22 जिलों के 20-20 गांवों यानि कुल 440 गांवों में निरीक्षण के लिए पहुंचेगी। निरीक्षण के दौरान तैयार किए गए ब्योरे के आधार पर अंतिम परिणाम जारी किया जाएगा।
स्वच्छ सर्वेक्षण (ग्रामीण)-2025 के लिए केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय की ओर से 29 मई को निर्णय लिया गया था, जबकि 17 जून को सर्वेक्षण से संबंधित जिला परिषदों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों और जिला परियोजना अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया।
विज्ञापन

सर्वेक्षण के 1000 अंक निर्धारित
स्वच्छ सर्वेक्षण के लिए कुल 1000 अंक निर्धारित हैं। सर्वाधिक 540 अंक टीम की तरफ से माैके पर किए गए निरीक्षण के आधार पर, 240 अंक गांवों में स्वच्छता को लेकर उपलब्ध जनसुविधाओं के आधार पर निर्धारित हैं। कचरे के निस्तारण के लिए की गई व्यवस्था या लगाए गए प्लांट इत्यादि के आधार पर 120 अंक और लोगों के फीडबैक के आधार पर 100 अंक निर्धारित किए गए हैं। इससे पहले साल 2023 और 2024 में भी स्वच्छ सर्वेक्षण (ग्रामीण) करवाया गया था, लेकिन अभी तक उसका परिणाम जारी नहीं किया गया है।
विज्ञापन




सोनीपत, पानीपत और यमुनानगर में सर्वेक्षण शुरू
केंद्रीय टीम ने सोनीपत, पानीपत और यमुनानगर के कुछ गांवों में सर्वेक्षण शुरू कर दिया है। सर्वेक्षण के दाैरान टीम एप के माध्यम से जनता से फीडबैक लेगी। इसके अलावा पाॅलीथिन के निस्तारण, ठोस व तरल कचरे की उठान व निष्पादन को लेकर जांच करेगी। सार्वजनिक और सामुदायिक शाैचालयों में भी स्वच्छता परखी जाएगी। सार्वजनिक स्थानों जैसे अस्पतालों, स्कूलों, कम्युनिटी सेंटरों, तालाबों, चाैपालों आदि स्थानों पर भी स्वच्छता के प्रबंध टीम देखेगी।



स्वच्छ सर्वेक्षण में हरियाणा का बेहतर प्रदर्शन रहेगा। जनता से भी अनुरोध है कि स्वच्छता को लेकर सहयोग करे।
जितेंद्र जोशी, संयुक्त निदेशक, रूरल डेवलपमेंट डिपार्टमेंट हरियाणा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें