चंडीगढ़। हरियाणा प्राइवेट स्कूल संघ ने चिराग योजना के तहत दाखिला लेने के इच्छुक विद्यार्थियों के परिवारों की वार्षिक आय आठ लाख रुपये करने की मांग उठाई है। संघ के अध्यक्ष सत्यवान कुंडू ने कहा कि आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद आय सीमा 8 लाख रुपये से घटाकर 1.80 लाख रुपये करना गलत है। इससे हजारों अभिभावकों में नाराजगी है। शिक्षा विभाग ने पहले 30 मार्च 2026 तक 8 लाख रुपये तक आय वाले अभिभावकों के बच्चों के लिए आवेदन मांगे थे और 1108 स्कूलों में करीब 47 हजार सीटें तय की थीं। कई अभिभावकों ने इसी आधार पर आवेदन किया लेकिन बाद में नियम बदल दिए गए। कुंडू ने कहा कि स्कूलों की छोटी-छोटी कमियों के आधार पर बच्चों को सूची से बाहर करना भी गलत है। फॉर्म-6 या मान्यता पत्र की कमी बताकर बच्चों को हटाना गरीब छात्रों के साथ अन्याय है।
ब्यूरो