क्रमवार के बजाय मिश्रित प्रश्न आए, इस बार परीक्षा का तरीका बदला गया
पहले दिन सीईटी देने के बाद परीक्षार्थियों ने दी मिली-जुली प्रतिक्रिया
अमर उजाला ब्यूरो,
चंडीगढ़/करनाल/रोहतक/हिसार। सीईटी शनिवार को दो सत्रों में आयोजित हुई। दोनों सत्रों की परीक्षा के बाद परीक्षार्थियों ने पेपर को लेकर मिली-जुली प्रतिक्रिया दी। अधिकतर अभ्यर्थियों ने कहा, पाठ्यक्रम से ही परीक्षा में प्रश्न-पत्र आए जो तैयारी करके आए थे। हालांकि कुछ परीक्षार्थियों ने कहा, गणित के सवालों में उलझ गए। कुछ ने कहा-इस बार परीक्षा में प्रश्न-पत्रों का तरीका भी बदला हुआ था। विषयवार क्रमवार के बजाय मिश्रित प्रश्न आए।
इंद्री की मुस्कान ने कहा, 2019 और 2022 में परीक्षा में शामिल हुईं थीं लेकिन इस बार प्रश्नों पूछने का तरीका क्रम अनुसार के बजाय मिश्रित रहा। 100 अंकों की इस परीक्षा में चार गोले भरने थे, यदि सवाल का जवाब नहीं पता है तो पांचवां भी गोला था। हिसार के परीक्षार्थी चंद्रकांत ने बताया कि भिवानी जिले में उन्होंने शाम के सत्र में परीक्षा दी। परीक्षा में पूछे गए प्रश्नों को लेकर कहा कि जिन्होंने तैयारी की थी उन्हें कोई परेशानी नहीं हुई। जो भी पाठ्यक्रम था उसी में से प्रश्न आए।भिवानी के हेमंत ने बताया मैंने जो सामान्य ज्ञान की तैयारी करके आया था उसी से जुड़े सवाल आए थे। कैथल में परीक्षा देने पहुंचे जींद के कालवां निवासी अंकुश ने बताया कि पेपर अच्छा हुआ। अच्छे अंक आने की उम्मीद है।
आयोग ने प्रश्न-पत्रों के विश्लेषण पर रोक लगाई
चंडीगढ़। सीईटी के प्रश्न-पत्रों के विश्लेषण पर हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग ने रोक लगा दी है। शनिवार को परीक्षा के बीच आयोग के अध्यक्ष हिम्मत सिंह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके आगाह किया कि सारे सोशल मीडिया यूजर्स सभी चारों सत्रों की परीक्षा से पूर्व प्रश्न-पत्र का विश्लेषण न करें। यदि सोशल मीडिया पर प्रश्न-पत्र विश्लेषण करते हुए पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्यवाही होगी। ब्यूरो
आज भी दो सत्रों में आयोजित होगी परीक्षा
रविवार को भी दो सत्रों में परीक्षा का आयोजन होगा। सुबह 10 बजे से सुबह 11.45 बजे तक परीक्षा आयोजित होगी। इस परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्र के अंदर सुबह 7.30 बजे से सुबह 9.15 बजे तक प्रवेश मिलेगा। शाम 3.15 बजे से शाम 5 बजे तक परीक्षा का आयोजन होगा और शाम के सत्र में प्रवेश के लिए 12.45 बजे से दोपहर 2.30 बजे तक परीक्षा केंद्र के अंदर के लिए प्रवेश मिलेगा।