अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। जनगणना 2027 की राज्य नोडल अधिकारी डॉ. सुमिता मिश्रा ने कहा है कि आगामी जनगणना 2027 पूरी तरह डिजिटल मोड में होगी। यह कदम जनगणना प्रक्रिया को आधुनिक, पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में एक परिवर्तन है।
डॉ. मिश्रा ने बताया कि गणनाकार और पर्यवेक्षक मोबाइल एप्स के माध्यम से डिजिटल रूप से डाटा एकत्र करेंगे और इसे सीधे केंद्रीय सर्वर पर अपलोड किया जाएगा। जनगणना के मोबाइल एप्लिकेशन, पोर्टल और अन्य डिजिटल टूल्स एंड्रायड और आईओएस दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होंगे।
इन्हें हिंदी, अंग्रेजी और 14 क्षेत्रीय भाषाओं में विकसित किया जा रहा है। इसी तरह राज्यभर में गणनाकारों और पर्यवेक्षकों के प्रशिक्षण कार्यक्रम अगले वर्ष की शुरुआत में शुरू होंगे। इन तकनीकी तैयारियों के साथ व्यापक जन जागरूकता अभियानों तथा डिजिटल एन्यूमरेशन (डिजिटल गणना) के लिए नए मोबाइल एप्लिकेशन के लांच की भी योजना है।
डॉ. सुमिता मिश्रा ने सभी मंडल आयुक्तों को मंडल जनगणना अधिकारी, सभी उपायुक्त, जिला मजिस्ट्रेट को प्रधान जनगणना अधिकारी नियुक्त किया है जो अपने-अपने अधिकार क्षेत्रों के भीतर पूरी प्रक्रिया की निगरानी करेंगे। वहीं, अतिरिक्त उपायुक्त, अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट और वरिष्ठ उप कलेक्टरों को जिला जनगणना अधिकारी नियुक्त किया गया है। डॉ. मिश्रा ने बताया कि उपमंडल स्तर पर उपमंडल मजिस्ट्रेट (एसडीएम) उपमंडल जनगणना अधिकारी के रूप में कार्य करेंगे। ब्यूरो