चंडीगढ़। इस बार चंडीगढ़ कार्निवल में फ्लोट्स का अंदाज ही कुछ अलग होगा। न सिर्फ रंग-बिरंगे डिजाइन, बल्कि उनके पहिए भी लोगों का ध्यान खींचेंगे। 20 से 22 नवंबर तक सेक्टर-10 की लेजर वैली में होने वाले कार्निवल के लिए गवर्नमेंट कॉलेज ऑफ आर्ट में करीब 15 फ्लोट्स तैयार किए जा रहे हैं। इनमें 10 फ्लोट्स मोटरसाइकिल के पहियों पर आधारित नए स्ट्रक्चर पर बनेंगे।
इन फ्लोट्स के आगे रेहड़ी का हिस्सा होगा, जबकि बीच में प्लाईवुड से बैठने की व्यवस्था की जाएगी। वजन का संतुलन बनाए रखने के लिए जरूरत के मुताबिक अतिरिक्त पहिए भी लगाए जाएंगे। वहीं, 4 से 5 फ्लोट्स पहले की तरह रेहड़ी पर ही तैयार होंगे। हर टीम में 12 से 15 विद्यार्थी अपनी रचनात्मकता और मेहनत से इन्हें आकार दे रहे हैं।
फ्लोट्स मेकिंग के चीफ कोऑर्डिनेटर प्रो. आनंद शर्मा के मुताबिक पुराने फ्लोट्स में अधिक वजन के कारण संतुलन बिगड़ने और रेहड़ी टेढ़ी होने की समस्या आती थी। इसी परेशानी को दूर करने के लिए इस बार मोटरसाइकिल के पहियों वाले नए स्ट्रक्चर का प्रयोग किया जा रहा है।