दहशत में कारोबारी : 60 दिन में हत्या, रंगदारी और फायरिंग की 29 वारदातें, 32 गिरफ्तार तो 18 फरार
शराब ठेकों की बोली लगाने से पहले ही फायरिंग कर फैलाई दहशत, धमकी देकर नीलामी से रोका
सोशल मीडिया पर खुलेआम हत्या, रंगदारी और फायरिंग की जिम्मेदारी ले रहे गैंगस्टर
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा के शराब कारोबारियों में दहशत ने कानून व्यवस्था की पोल खोल दी। दूसरे वर्ग के व्यापारियों को भी बदमाश डराने-धमाने और रंगदारी मांगकर दहशत पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। प्रदेश में एक मई से 29 जून तक 60 दिन के अंदर हत्या, रंगदारी, फायरिंग की 29 वारदातें हो चुकी हैं। हालांकि, पुलिस ने मुठभेड़ और अन्य तरीकों से तकरीबन 32 बदमाशों को गिरफ्तार किया, लेकि 18 वारदातों में आरोपी फरार चल रहे हैं। मई में हत्या, रंगदारी और फायरिंग की 14 और जून में 15 वारदातें हुई हैं।
सरकार की सख्ती, मैदान में पुलिस-प्रशासन
प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी एलान कर चुके हैं कि बदमाशों को बख्शा नहीं जाएगा। इसके लिए सीएम ने पुलिस को फ्री हैंड भी दे दिया। पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर सभी जिलों के एसपी को सख्ती के निर्देश दे चुके हैं। खुफिया विभाग को अलर्ट मोड पर करने के साथ एसटीएफ को भी बदमाशों का ब्योरा तैयार कर गिरफ्तारी करने में लगा दिया गया है।
मई में व्यापारियों के साथ हुईं वारदातें
- 1 मई को नारायणगढ़ की सब्जी मंडी के गेट पर बाइक सवार चार बदमाशों ने हवाई फायरिंग की। सभी आरोपी गिरफ्तार हैं।
- 9 मई को रेवाड़ी के कोसली में रात में दुकान बंद कर घर जा रहे व्यापारी को तीन युवकों ने लूटने का प्रयास किया था। एक आरोपी पकड़ा गया।
- 6 और 9 मई को चरखी दादरी के प्रॉपर्टी डीलर प्रवीण को कॉल करके दो युवकों ने दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी। दोनों आरोपी गिरफ्तार।
- 15 मई को यमुनानगर के व्यासपुर के फ्लाइंग कलर आइलेट सेंटर पर बदमाश ने अंदर घुसकर 14 राउंड की फायरिंग की थी। इसमें गैंगस्टर रोमिल और उसके साथी अंकित राणा का नाम आया था।
- 20 मई को महम के नया बस स्टैंड के पास शराब ठेके पर फायरिंग कर पोस्टर चस्पा किया गया। इस पर लिखा था कोई भी ठेकेदार ठेका लेने के लिए फार्म न भरे, वह खुद मौत का जिम्मेदार होगा।
- 24 मई को रोहतक के आर्यनगर निवासी कार कारोबारी रचित कुमार के ऑफिस पर बाइक सवार दो नकाबपोश युवकों ने फायरिंग की।
- 24 मई को नारायणगढ़ के गोयल स्वीट्स व रेस्तरां में दो बदमाशों ने सात फायर किए थे। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
- 25 मई को नारायणगढ़ के सर्राफा कारोबारी नील कमल से भी रंगदारी मांगी गई थी। पुलिस ने उन्हें सुरक्षा गार्ड दिए हैं।
- 26 मई को रोहतक के गांव भालौठ के शराब ठेके पर बदमाशों ने 13 राउंड फायरिंग की थी। बदमाशों ने इंस्टाग्राम पर वीडियो डालकर ठेका लेने के लिए फार्म भरने पर जान से मारने की धमकी दी।
- 26 मई को हिसार के गांव तलवंडी राणा में शराब ठेकेदार से 5 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई।
- 27 मई को यमुनानगर के गोबिंदपुरी रोड स्थित शराब ठेके में एक बदमाश ने पांच पर्चियां फेंक 12 राउंड फायरिंग की। पर्चियों पर बंबीहा, कौशल चौधरी गैंग और एक विदेशी नंबर लिखा मिला। आरोपी फरार हैं।
- 28 मई को यमुनानगर के हिन्दुस्तान मोटर्स के कारोबारी को विदेशी नंबर से संदेश भेजकर दो करोड़ रुपये रंगदारी मांगी गई।
- 29 मई को हांसी में बाइक सवार तीन बदमाशों ने ग्रीन वैली शॉपिंग मॉल के गारमेंट्स शोरूम में पर्ची फेंक कर 50 लाख रुपये रंगदारी मांगी थी। तीन आरोपी गिरफ्तार।
- 31 मई को महेंद्रगढ़ के नांगल चौधरी में पिज्जा कैफे पर अज्ञात ने दिनदहाड़े गोली चला दी थी।
- 31 मई को हांसी के सुल्तानपुर के शराब ठेकेदार से जर्मनी के नंबर से फोन करके रंगदारी मांगी गई। छह आरोपी गिरफ्तार।
कारोबारियों के साथ जून में हुई वारदातें
- 2 जून को करनाल के चार चमन मार्केट में नागपाल मोबाइल शोरूम पर दो हवाई फायर करके रंगदारी मांगी।
- 3 जून को पानीपत में मिठाई कारोबारी के कैशियर को फोन करके 10 लाख रुपये रंगदारी मांगी गई। पुलिस ने चार जून को दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
- 7 जून को रोहतक के पुराना बस अड्डा के पास कबाड़ी मार्केट में स्क्रैप व्यापारी पुनीत की दुकान में घुसकर बदमाशों ने हथियारों के बल पर लूटपाट का प्रयास किया फिर फरार हो गए।
- 13 जून को यमुनानगर के साढौरा निवासी मार्बल कारोबारी से दो करोड़ रुपये रंगदारी मांगी गई।
- 13 जून को शाहाबाद में शराब कारोबारी शांतनु की 13 गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस शूटर रोमिल का एनकाउंटर कर नौ बदमाशों को काबू कर चुकी है।
- 13 जून को नरवाना शहर के धौला कुंआ के पास चार बदमाश दुकान में घुसकर दुकानदार सौरभ पर गोली चलाकर रुपयों का बैग लेकर फरार हो गए।
- 15 जून को रोहतक में शराब ठेकेदार भूपेंद्र को ठेके न छोड़ने पर जान से मारने की धमकी मिली।
- 15 जून को रोहतक के गांव इस्माइला निवासी प्रॉपर्टी डीलर संजय से गैंगस्टर हिमांशु उर्फ भाऊ के नाम पर दो करोड़ रंगदारी मांगी गई।
- 18 जून को सोनीपत के कुंडली थाना क्षेत्र में अज्ञात युवकों ने दिल्ली निवासी व्यापारी साहिल से 64,300 रुपये लूट लिए।
- 19 जून को हिसार के खजांचियान बाजार में राघव ज्वेलर्स से दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई।
- 20 जून को जींद के गांव खरकरामजी में शराब कारोबारी की तीन बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। इसकी जिम्मेदारी गैंगस्टर गोल्डी बराड़ और रोहित गोदारा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर ली।
- 21 जून को फतेहाबाद के गांव दहमन में शराब ठेके पर फायरिंग कर जबरन हिस्सेदारी मांगी गई। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
- 26 जून को शाहाबाद में राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित अमन होटल के बाहर दो बदमाशों ने 23 राउंड फायरिंग की।