चंडीगढ़। हरियाणा सरकार की ई-भूमि नीति को आम आदमी पार्टी ने किसानों की जमीन हड़पने वाली योजना बताया। आम आदमी पार्टी का आरोप है कि हरियाणा की विवादित लैंड पूलिंग पॉलिसी लूट का जरिया है।
यह पूरी नीति छोटे किसानों की जमीन लूटकर भाजपा नेताओं और उनके कारोबारी मित्रों को फायदा पहुंचाने के लिए बनाई गई है। कहा कि वोट की चोरी करने वाली भाजपा ने जमीनों को हड़पने की बड़ी साजिश रची है।
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने मंगलवार को चंडीगढ़ प्रेस क्लब में प्रेसवार्ता कर भाजपा सरकार पर निशाना साधा।
राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी ढांडा ने हरियाणा सरकार को घेरते हुए आरोप लगाए कि सरकार की योजना के अनुसार 35,000 एकड़ से अधिक कृषि भूमि किसानों से ली जाएगी लेकिन इस योजना में 10 एकड़ से कम जमीन रखने वाले किसानों को शामिल ही नहीं किया गया है। इस कारण से 95 प्रतिशत से अधिक किसान इस नीति से स्वतः बाहर कर दिए गए हैं।
सरकार ने इन किसानों से सीधे जमीन खरीदने के बजाय बिचाैलियों को अधिकृत किया है, जो सस्ते दामों पर किसानों से जमीन लेकर सरकार को सौंपेंगे। फिर वही जमीन सरकार द्वारा अपने चहेते उद्योगपतियों को करोड़ों में बेची जाएगी। ब्यूरो