- पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के दाम लगातार बढ़ने से आम आदमी की मुश्किलें बढ़ीं
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। इनेलो प्रमुख अभय सिंह चौटाला ने कहा कि भाजपा सरकार की जन विरोधी नीतियों ने आम जनता को महंगाई के बोझ तले दबा दिया है। पिछले 10 दिनों में तीन बार पेट्रोल, डीजल, सीएनजी और रसोई गैस के दाम बढ़ाकर सरकार ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी है। बेरोजगारी और महंगाई से युवा व मध्यम वर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहा है।
अभय चौटाला ने कहा कि पहली बार प्रदेश में पेट्रोल 100 रुपये प्रति लीटर के पार पहुंच गया है। बिजली, पानी, दाल, आटा, खाने का तेल और सब्जियों के दाम लगातार बढ़ने से आम लोगों का बजट बिगड़ गया है। भाजपा सरकार ने पिछले कई वर्षों में पेट्रोल-डीजल पर भारी टैक्स लगाकर जनता से करोड़ों रुपये वसूले हैं। चुनाव के दौरान कीमतें स्थिर रखी जाती हैं लेकिन चुनाव खत्म होते ही जनता पर महंगाई का बोझ डाल दिया जाता है।