चंडीगढ़। सिंचाई विभाग में कार्यरत फील्ड स्टाफ के लिए अलग-अलग वर्दी होगी। सोमवार को सिंचाई मंत्री श्रुति चाैधरी ने ऑल हरियाणा पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल कर्मचारी यूनियन चरखी दादरी और कुरुक्षेत्र के प्रतिनिधियों के साथ वार्ता की।
मंत्री ने यूनियन के पदाधिकारियों की मांगों को सुना और आश्वासन दिया कि जो भी जायज मांगें हैं उन पर तुरंत काम होगा। सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार कर्मचारियों के हितों के प्रति पूरी तरह से संवेदनशील है।
विभाग में ऑपरेशन सर्कल के साथ-साथ कर्मचारियों के पदों का भी तर्कसंगतिकरण किया जा रहा है ताकि प्रत्येक कर्मचारी को उसके पद अनुरूप ही कार्य सौंपा जा सके। उन्होंने विभाग में कार्यरत बेलदारों और कैनाल गार्डों को विभाग की रीढ़ बताया। यह भी आश्वासन दिया कि दोनों ही पदों पर कार्यरत कर्मचारियों की स्पष्ट पहचान के लिए उनके पदों के अनुसार अलग-अलग रंग की वर्दी उपलब्ध कराई जाएगी। जल्द ही नियम व दिशा-निर्देश तय होंगे।
सिंचाई मंत्री ने कहा कि उनके दादा स्वर्गीय चौधरी बंसी लाल के नहर नेटवर्क और उठान सिंचाई प्रणाली के सपने साकार हो रहे हैं। बैठक में विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अनुराग अग्रवाल ने कहा कि जो भी निर्णय व दिशा निर्देश होंगे उनकी फाइल प्रक्रिया तेज की जाएगी।
वित्त विभाग व अन्य विभागों की स्वीकृतियां शीघ्र दिलवाई जाएंगी। बैठक में प्रमुख अभियंता राकेश चौहान, बीरेंद्र सिंह, डॉ. सतबीर कादयान सहित यूनियन के गई पदाधिकारी शामिल रहे। ब्यूरो