चंडीगढ़। हरियाणा पिछड़ा वर्ग आयोग ने कश्यप जाति को पिछड़ा वर्ग ब्लॉक-ए की सूची में शामिल करने के संबंध में जनता से सुझाव व आपत्तियां मांगी हैं। आयोग को हाल ही में कश्यप राजपूत सभा, जिला अंबाला सहित कश्यप समाज के विभिन्न संगठनों और संस्थाओं से आवेदन प्राप्त हुए हैं। आवेदनों में मांग की गई है कि धीमर, मल्लाह, कश्यप-राजपूत, कहार, झीवर, धीन्वर, केवट, मेहरा आदि जातियों के साथ कश्यप जाति को भी सूची में जोड़ा जाए। आयोग ने इस विषय पर सामाजिक विचारकों, संगठनों और आम नागरिकों से राय, सुझाव या आपत्तियां देने का आह्वान किया है। इच्छुक व्यक्ति इस सार्वजनिक सूचना के प्रकाशन की तारीख से 15 दिनों के भीतर अपने लिखित विचार सदस्य सचिव, हरियाणा पिछड़ा वर्ग आयोग, एससीओ संख्या 20-27, जीवन दीप भवन की दूसरी मंजिल, सेक्टर-17ए, चंडीगढ़-160017 के नाम स्पीड पोस्ट द्वारा भेज सकते हैं। सुझाव ई-मेल के माध्यम से backwardccharyanagmail.com पर भी भेजे जा सकते हैं। वहीं, इच्छुक लोग चाहें तो अपने विचार व्यक्तिगत रूप से भी आयोग के समक्ष रख सकते हैं। ब्यूरो