अमर उजाला की ओर से रविवार को कमेटी चौक स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा 2024 का आयोजन किया गया। इस परीक्षा में शामिल होने के लिए नौवीं से लेकर 12वीं तक के 686 छात्र-छात्राओं को प्रवेश पत्र जारी किए थे। इसमें से 385 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा में हिस्सा लिया। यह परीक्षा सुबह 11 बजे शुरू हुई, जो दोपहर साढ़े 12 बजे समाप्त हुई।
विद्यार्थियों ने इस परीक्षा में अपना भविष्य संवारने के लिए हिस्सा लिया। जो विद्यार्थी इस परीक्षा में मेरिट में शामिल रहेंगे तो उन्हें छात्रवृत्ति का लाभ मिलेगा और वे सफलता प्राप्त कर पाएंगे। अभ्यर्थी परीक्षा शुरू होने से करीब एक घंटे पहले ही स्कूल परिसर में पहुंचना शुरू हो गए थे। छात्रों को परीक्षा कक्ष तक पहुंचने में दिक्कत न हो, इसके लिए स्कूल परिसर में जगह-जगह कक्षा में बैठक व्यवस्था के पंफ्लेट चिपकाए गए थे। परीक्षा में सौ प्रश्न पूछे गए, जिसका जवाब छात्रों को पेन से ओएमआर शीट पर देना था। निगेटिव मार्किंग न होने से छात्रों को काफी राहत रही।
कक्षा नौवीं से 12वीं के इतने विद्यार्थी हुए शामिल
कक्षा हाजिर रहे विद्यार्थी
नौवीं 97
10वीं 90
11वीं 131
12वीं 67
गरीब छात्रों का भविष्य सुधारने के लिए अमर उजाला की अतुल महेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा एक सराहनीय पहल है। परीक्षा के आयोजन बेहतर ढंग से हो, इसके लिए स्टाफ को पहले ही जिम्मेदारी सौंप दी गई थी। -रविंद्र शर्मा, प्रधानाचार्य, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कैथल।