अग्निवीरों के रोजगार, आपदा प्रबंधन समेत सुरक्षा मुद्दों पर हुई चर्चा
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। भारतीय सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ ने मंगलवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से उनके आवास पर मुलाकात की। सेना प्रमुख बनने के बाद मुख्यमंत्री के साथ यह उनकी पहली मुलाकात थी। बैठक में सेना और राज्य सरकार के बीच बेहतर तालमेल, क्षेत्रीय सुरक्षा और पूर्व सैनिकों के कल्याण से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। पश्चिमी कमान के सेना कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल पुष्पेंद्र सिंह समेत सेना और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा का सेना से पुराना और मजबूत जुड़ाव है। राज्य सरकार सेवारत सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के हितों के लिए लगातार काम कर रही है। बैठक में आंतरिक सुरक्षा, युवाओं को सशक्त बनाने, अग्निवीरों के लिए रोजगार के अवसर, पूर्व सैनिकों की आवास जरूरतों और सेवानिवृत्ति के बाद पुनर्वास पर विचार हुआ। प्राकृतिक आपदा के समय बेहतर तैयारी और त्वरित राहत व्यवस्था पर भी चर्चा की गई। सेना में हरियाणा के खिलाड़ियों के बेहतर प्रदर्शन की सराहना हुई। जनरल धीरज सेठ ने पूर्व सैनिकों के लिए राज्य सरकार के सहयोग की सराहना करते हुए उनके स्थायी पुनर्वास के नए अवसर तलाशने पर जोर दिया।