-चयनित संस्था को 51 लाख रुपये व व्यक्ति को पांच लाख का इनाम
- 30 सितंबर तक https://awards.gov.in/ पर करें आवेदन
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से सुभाष चंद्र बोस आपदा प्रबंधन पुरस्कार-2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन https://awards.gov.in/ पोर्टल पर 30 सितंबर तक किए जा सकते हैं। चयनित संस्था को 51 लाख रुपये व प्रमाण पत्र व व्यक्ति को पांच लाख रुपये और प्रमाण पत्र पुरस्कार के रूप में दिए जाएंगे। व्यक्तियों, संगठनों के अमूल्य योगदान और निस्वार्थ सेवा भाव को पहचानने और सम्मानित करने के लिए सुभाष चंद्र बोस आपदा प्रबंधन पुरस्कार के नाम से वार्षिक पुरस्कार दिया जाता है। इस पुरस्कार की घोषणा हर साल 23 जनवरी को नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर की जाती है। इसमें भारतीय नागरिक और भारतीय संस्थान ही पुरस्कार के लिए आवेदन करने के पात्र हैं। संस्थान स्वैच्छिक संगठनों, कॉरपोरेट संस्थाओं, शैक्षणिक अनुसंधान संस्थानों, वर्दीधारी बलों या किसी अन्य संस्थान पुरस्कार के लिए एक संस्था के रूप में आवेदन कर सकते हैं। पुरस्कार के लिए उम्मीदवार देश में आपदा प्रबंधन जैसे रोकथाम, शमन, तैयारी, बचाव, प्रतिक्रिया, राहत, पुनर्वास, अनुसंधान, नवाचार या इस कार्य क्षेत्र में काम किया हो।