अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। अमेरिका-भारत के प्रस्तावित व्यापार समझौते को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यह समझौता देश के किसानों और खेतिहर मजदूरों के हितों के खिलाफ है तथा इससे कृषि व्यवस्था पर गंभीर असर पड़ेगा।
राव नरेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि समझौते के प्रारूप में अमेरिकी खाद्य एवं कृषि उत्पादों पर शुल्क समाप्त करने की बात कही गई है जिससे मक्का, सोयाबीन, ज्वार, मेवे और ताजे फलों का बड़े पैमाने पर आयात होगा। इससे किसानों की उपज, समर्थन मूल्य और ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर दबाव बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि समझौते में अतिरिक्त उत्पाद जैसे अस्पष्ट शब्द जोड़कर सरकार ने कई अहम जानकारियां छिपाई हैं जिससे गेहूं, दाल, दूध और डेयरी उत्पादों को लेकर भी आशंका बढ़ गई है।
उन्होंने यह भी दावा किया कि आयात पर गैर शुल्क बाधाएं हटाने से किसानों को मिलने वाली सहायता और संरक्षण कमजोर हो सकता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसानों के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं करेगी और जनविरोधी निर्णयों का हर स्तर पर विरोध जारी रखेगी।