एक स्टिंग ऑपरेशन के बाद सरकार ने कर दिया था निलंबित
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा स्वास्थ्य विभाग ने हिसार के डिप्टी सिविल सर्जन डाॅ. प्रभु दयाल को दो महीने बाद बहाल कर दिया है। दरअसल, एक निजी न्यूज चैनल के कन्या भ्रूण हत्या के मामले में स्टिंग ऑपरेशन सामने आने के बाद सरकार ने दस अप्रैल को डाॅ. प्रभु दयाल को निलंबित कर दिया था। जबकि इसमें डिप्टी सर्जन का कोई सीधा रोल नहीं था। डॉ. प्रभु दयाल के पास कई उपलब्धियां थी। उनके योगदान को देखते हुए कई बार उन्हें पुरस्कृत भी किया जा चुका था। स्वास्थ्य विभाग के इस फैसले के खिलाफ डॉक्टरों में रोष था और उन्होंने इसका विरोध भी जताया था। हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विस एसोसिएशन ने इस बारे में स्वास्थ्य मंत्री आरती राव और एसीएस सुधीर राजपाल से भी मुलाकात की थी। इस पर उन्होंने एसोसिएशन को भरोसा दिलाया था कि डॉक्टर को जल्द बहाल कर दिया जाएगा। मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी पत्र में कहा गया है प्रभु दयाल के खिलाफ लंबित अनुशासनात्मक कार्यवाही पर कोई प्रतिकूल प्रभाव डाले बिना तत्काल प्रभाव से सेवा में बहाल किया जाता है।