शहरी स्थानीय निकाय निदेशालय ने सभी निकायों से ब्योरा मांगा
गोशालाओं में रखे जाएंगे गोवंश, गो सेवा आयोग आवंटित करेगा चारा राशि
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा में दिवाली से पहले सड़कों से गोवंश पकड़ने का विशेष अभियान शुरू होगा। पकड़े गए गोवंश गोशालाओं में भेजे जाएंगे। हरियाणा राज्य गो सेवा आयोग शहरी स्थानीय निकाय विभाग के इस कार्य में सहयोग करेगा। गोशालाओं से सहमति पत्र लिए जा रहे हैं। गो सेवा आयोग गोशालाओं को बकाया 6 माह के चारे की प्रोत्साहन राशि भेजेगा।
राज्य की सड़कों पर अभी भी करीब 40 हजार गोवंश हैं। गोशाला संचालक पर्याप्त जगह न होने के कारण गोवंश रखने से इन्कार कर चुके हैं। ऐसे में राज्य गो सेवा आयोग ने गो सेवा संचालकों से वार्ता की है। करीब 200 गोशालाओं में टीनशेड आदि का विस्तार होने से वहां पर्याप्त गोवंश रखने की जगह बन सकती है। गो सेवा आयोग के उपाध्यक्ष सुमन गुप्ता ने बताया कि गोशाला संचालक की पहली मांग चारा अनुदान की है। आयोग का प्रयास है कि 31 अक्तूबर तक चारे की राशि गोशाला संचालकों के खातों में भेज दी जाए जिससे गोशालाओं में निकायों की ओर से पकड़े गए गोवंश रखे जा सकें।
निकायों के पास गोवंश पकड़ने के लिए अपनी टीम हैं। उन टीमों के माध्यम से सभी 87 निकायों में गोवंश पकड़े जाएंगे। इसके अलावा जिन निकायों में गोवंश पकड़ने के लिए टेंडर हो चुके हैं, वहां निजी संस्था या एजेंसी कार्य करेंगी।
राज्य के सभी निकायों को सड़कों से गोवंश पकड़ने के निर्देश दिए हैं। दिवाली से पहले विशेष अभियान चलाया जाएगा। जो गोवंश पकड़े जाएंगे वह गोशालाओं में भेजे जाएंगे।
- अशोक कुमार मीणा, आयुक्त एवं सचिव, शहरी स्थानीय निकाय विभाग