विधानसभा का मानसून सत्र
कांग्रेस विधायक पूजा के सवाल पर लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा ने दी जानकारी
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा में 6179 किलोमीटर सड़कों की हालत खराब है। इन सड़कों की मरम्मत के लिए राज्य सरकार ने मंजूरी दे दी है। यह जानकारी मुलाना से विधायक पूजा की ओर से विधानसभा में पूछे गए अतारांकित प्रश्न का लिखित में जवाब देते हुए लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा ने दी।
गंगवा ने बताया कि राज्य में 6179 किलोमीटर लंबी सड़कों में सुधार की आवश्यकता है। सरकार की ओर से एक अप्रैल 2025 को इन सड़कों की मरम्मत की मंजूरी दी जा चुकी है। मरम्मत का कार्य सितंबर में शुरू होगा, जो 31 मार्च 2026 में पूरा होगा। इस कार्य के तहत 1275 किलोमीटर सड़कों की लंबाई को 12 फीट से 18 फीट चौड़ा किया जाएगा। करीब 3487 किलोमीटर लंबी सड़कों की मरम्मत का कार्य चल रहा है। यह कार्य 31 दिसंबर 2025 तक पूरा कर लिया जाएगा। गंगवा ने बताया कि 15435 किलोमीटर सड़कों का रखरखाव संविदा एजेंसियां कर रही हैं। मानसून के दौरान सड़कों में बनने वाले गड्ढों की मरम्मत का कार्य एजेंसियां ही नियमित रूप से करती हैं। इसके अलावा कई अन्य विधायकों के अतारांकित और तारांकित प्रश्नों का जवाब भी संबंधित विभाग के मंत्रियों की ओर से दिया गया।
यमुनानगर के सिविल अस्पताल में इसी साल मिलेगी एमआरआई की सुविधा, कैथ लैब में लगेगा समय
यमुनानगर के सिविल अस्पताल में एमआरआई की सुविधा इसी वित्तीय वर्ष में शुरू होने की संभावना है। अस्पताल में एमआरआई मशीन आ चुकी है। यह जानकारी स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने भाजपा विधायक घनश्याम दास के पूछे सवाल पर दी है। घनश्याम दास ने यह सवाल तीसरी बार पूछा था। उन्होंने यमुनानगर के अस्पताल में कैथ लैब की सेवाएं शुरू होने संबंधी भी सवाल भी पूछा था। उसके जवाब में आरती राव ने बताया कि हरियाणा चिकित्सा सेवा निगम लिमिटेड (एचएमएससीएल) की ओर से पीपीपी मोड के माध्यम से कैथ लैब के लिए पहले भी कई बार निविदा जारी की जा चुकी हैं जिसमें किसी बोलीदाता ने भाग नहीं लिया। ऐसे में अब निविदा दस्तावेजों में संशोधन किए जा रहे हैं और स्वीकृति के बाद निविदा पुन: जारी की जाएगी। वहीं, जिला अस्पताल यमुनानगर में हरियाणा कौशल रोजगार निगम (एचकेआरएन) कर्मचारियों के स्वीकृत आधे पद खाली हैं। कर्मचारियों के 251 स्वीकृत पद हैं जिनमें से 128 पद भरे हैं जबकि 123 खाली हैं।
फतेहाबाद में पुस्तकालय के निर्माण के लिए जगह चिह्नित
फतेहाबाद के विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया ने फतेहाबाद में पुस्तकालय के निर्माण संबंधी सवाल पूछा था। इसके जवाब में उच्च शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने बताया कि फतेहाबाद की अरोड़वंश धर्मशाला के समीप बाल भवन केंद्र में 2238 वर्ग गज भूमि चिह्नित की गई है। इसके लिए शहरी स्थानीय निकाय विभाग की ओर से एक विस्तृत परियोजना तैयार की जा रही है। पुस्तकालय का निर्माण आगामी दो साल के भीतर होने की संभावना है।
सिरसा की ऑटो मार्केट का होगा विकास
सिरसा से कांग्रेस विधायक गोकुल सेतिया ने तारांकित प्रश्न के जरिये सिरसा ऑटो मार्केट का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि ऑटो मार्केट का विकास लंबे समय से उपेक्षित है। बारिश में जलभराव होता है और कूड़ा खुले में फेंका जाता है। इसके लिए क्या समाधान किया जा रहा है। इस पर स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल की ओर से जानकारी दी गई कि करीब 35.92 करोड़ से बरसाती पानी निकासी परियोजना पर काम किया जा रहा है जिसमें ऑटो मार्केट क्षेत्र भी शामिल है। इसके अलावा बरसात के पानी की निकासी के लिए जो सड़कें खोदी गई थीं उनकी मरम्मत के लिए 25 करोड़ की राशि का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसके साथ ही कचरा संग्रहण का कार्य 22 सालों के लिए एक संविदा एजेंसी को सौंपा गया है ताकि कचरे का संग्रहण, पृथक्करण, परिवहन एवं प्रसंस्करण किया जा सकेगा।
फरीदाबाद एनआईटी की 27 कॉलोनियां होंगी नियमित
एक सवाल के जवाब में शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल ने बताया, फरीदाबाद स्थित एनआईटी विधानसभा के अंतर्गत आने वाली 27 कॉलोनियों व 24 छूटे भूखंड के नियमितीकरण के प्रस्ताव विचाराधीन हैं। इसके बारे में एक महीने के भीतर निर्णय ले लिया जाएगा। यह सवाल एनआईटी विधानसभा से विधायक सतीश कुमार ने पूछा था।
हिसार में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन संयंत्र होगा शिफ्ट
हिसार की विधायक सावित्री जिंदल ने हिसार के ढंढूर गांव में स्थित ठोस अपशिष्ट प्रबंधन संयंत्र को किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने संबंधी सवाल पूछा। इस पर निकाय मंत्री विपुल गोयल ने बताया कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन संयंत्र के लिए हिसार स्थित राजकीय पशुधन फार्म को नए स्थान के लिए चिह्नित किया गया है। उन्होंने बताया कि पशुपालन विभाग से भूमि के हस्तांतरण होने के बाद अगले नौ महीने में इसके संचालित होने की संभावना है।
कैथल में दो महीने में बीएस-6 की आएंगी बसें
परिवहन मंत्री अनिल विज ने कांग्रेस विधायक आदित्य सुरजेवाला के सवाल पर बताया कि कैथल की बीएस-6 मानक की बसें एनसीआर में शामिल भिवानी, पानीपत और झज्जर जिलों में स्थानांतरित की गई हैं। इन बसों के स्थान कैथल को बीएस-3 मानक की बसें उपलब्ध हुईं हैं। सुरजेवाला ने यह भी सवाल पूछा था कि दस साल से अधिक पुरानी बीएस-3 व बीएस -4 मॉडल की बसें जो एनसीआर में प्रतिबंधित हैं उन बसों को कैथल भेजा गया है। इस पर विज ने अपने जवाब में बताया है कि दस साल पुरानी कोई भी बस कैथल में उपलब्ध नहीं कराई गई है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि अगले दो साल के भीतर कैथल में बीएस-6 मानक की बसें उपलब्ध करा दी जाएंगी।